ByPoll 2024: अजय राय बोले, यूपी में सपा और कांग्रेस मिलकर लड़ेंगी विधानसभा उपचुनाव; अन्य राज्यों में ऐसी है स्थिति

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) विधानसभा की नौ सीट पर होने वाला उपचुनाव कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) मिलकर लड़ेंगी। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। राय ने कहा कि समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत के नतीजे चाहे जो भी हों लेकिन विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ मिलकर उपचुनाव लड़ेगा।
उत्तराखंड: केदारनाथ उपचुनाव की अधिसूचना जारी
उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी गयी। एक अधिकारी ने बताया कि अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई।रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने उखीमठ तहसील पहुंचकर उपचुनाव से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया और निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार शुक्ला को आवश्यक निर्देश दिए।
भाजपा ने पंजाब में उपचुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों की घोषणा की, मनप्रीत बादल को दिया टिकट
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब की चार विधानसभा सीट पर 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए मंगलवार को तीन उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। पार्टी ने इन उपचुनावों में दूसरों दलों से भाजपा का दामन थामने वाले नेताओं पर भरोसा जताया है। चार विधानसभा सीट पर उपचुनाव की जरूरत इन सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायकों के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने की वजह से पड़ी है।
छत्तीसगढ़: कांग्रेस ने रायपुर शहर दक्षिण सीट पर उपचुनाव के लिए आकाश शर्मा को उम्मीदवार बनाया
छत्तीसगढ़ की रायपुर शहर दक्षिण विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने युवा नेता आकाश शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के रायपुर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद यह सीट रिक्त हुई थी। (भाषा)



