Tamil Nadu Stampede: भगदड़ में हुई मौतों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर टीवीके ने मद्रास हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया

Stampede News: देश में भगदड़ की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अभिनेता से नेता बने विजय के नेतृत्व वाली पार्टी टीवीके ने रविवार को मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति एम. दंडपाणि के समक्ष उल्लेख किया कि पार्टी द्वारा 27 सितंबर को तमिलनाडु के करूर में आयोजित एक रैली में भगदड़ के दौरान हुई 40 लोगों की मौत की घटना की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) से कराने का आदेश दिया जाए। टीवीके की अधिवक्ता इकाई के अध्यक्ष एस. अरिवाझगन के नेतृत्व में वकीलों के एक समूह ने ग्रीनवेज रोड स्थित न्यायमूर्ति एम.दंडपाणि के आवास पर जाकर यह उल्लेख किया।
तमिलनाडु भगदड़: 38 शवों की शिनाख्त हुई, 67 घायलों का उपचार जारी
तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव पी. सेंथिल कुमार ने रविवार को बताया कि शनिवार को भगदड़ में घायल हुए लोगों में से 26 को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है जबकि 67 लोग अभी करूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं। सेंथिल कुमार ने बताया कि दो मरीजों की हालत गंभीर है।
जांच आयोग करूर भगदड़ मामले की जांच रविवार से शुरू करेगा: उदयनिधि स्टालिन
तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने रविवार को कहा कि सेवानिवृत्त न्यायाधीश अरुणा जगदीशन के नेतृत्व वाला आयोग भगदड़ की घटना की जांच के लिए आज दिन में करूर पहुंचेगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, समिति द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई करेंगे।
टीवीके प्रमुख विजय ने भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 20-20 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की
तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के अध्यक्ष विजय ने 27 सितंबर को करूर में अपनी पार्टी की रैली के दौरान भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को रविवार को 20-20 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। गौरतलब है कि देश में भगदड़ की घटनाओं से इससे पहले भी कई जगह पर कई लोगों की जान जा चुकी है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



