देश-दुनिया

Weather Update: हिमाचल में भारी बारिश के कारण 200 से अधिक सड़कें बंद, राजस्थान में भारी बारिश की चेतावनी

Weather News: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण 200 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं। शिमला मौसम कार्यालय ने यह जानकारी दी। मौसम कार्यालय ने राज्य में 17 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।

राजस्थान के कई भागों में भारी बारिश की चेतावनी
दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के चलते राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हुई और मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान भी कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के जयपुर केंद्र के अनुसार, कम दबाव का क्षेत्र मंगलवार को भी मध्यप्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के ऊपर बना हुआ है।

जलवायु परिवर्तन होने से हिमालय में अत्यधिक बारिश हो रही, मानवीय गतिविधियों से जोखिम बढ़ रहा: सरकार
सरकार ने मंगलवार को लोकसभा को बताया कि जलवायु परिवर्तन के कारण हिमालयी क्षेत्र में अत्यधिक बारिश हो रही है, जबकि मानवीय गतिविधियों से जुड़े कारक आपदा के जोखिम को और बढ़ा रहे हैं। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।

बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार, दक्षिण बंगाल में भारी बारिश का पूर्वानुमान
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बुधवार को कम दबाव का क्षेत्र बनने का पूर्वानुमान है, जिसके कारण अगले कुछ दिन में दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि इस मौसम प्रणाली के बनने के कारण बुधवार को तटीय जिलों उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर में बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।

भारी बारिश के पूर्वानुमान के बीच बीजिंग ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज कीं, रेड अलर्ट जारी
बीजिंग ने मंगलवार को बाढ़ नियंत्रण के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दीं। चीनी राजधानी के कई जिलों में अधिकारियों ने रेड अलर्ट जारी किए और भारी बारिश की चेतावनी दी। इसके साथ ही, शहरी इलाकों में जलभराव और भूस्खलन के बढ़ते खतरे को लेकर भी आगाह किया गया।सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, बीजिंग मौसम सेवा ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया, जबकि फांगशान, दाशिंग और तोंगझोउ समेत कई जिलों ने सबसे उच्च स्तर का रेड अलर्ट जारी किया। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button