UP News: गाजियाबाद में स्थापित होगी दिल्ली एम्स की शाखा: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की एक शाखा (सैटेलाइट सेंटर) गाजियाबाद में स्थापित की जाएगी। योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की अध्यक्षता में आयोजित नौवें अखिल भारतीय आयुर्वेद सम्मेलन में मेरठ से ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।
गाजियाबाद में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार
गाजियाबाद (Ghaziabad) में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने के आरोप में 20 वर्षीय व्यक्ति को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अंकुर विहार के सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने कहा कि युवक ने लड़की से शादी का वादा करके कई बार उसके साथ संबंध बनाए।
स्वयं को लॉरेंस बिश्नोई का भाई बताकर सलमान खान को धमकी देने का आरोपी नोएडा से गिरफ्तार
स्वयं को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई बताकर फिल्म अभिनेता सलमान खान को धमकी देने और 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में एक युवक को नोएडा और मुंबई पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के तहत सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुंबई की बांद्रा पुलिस ने देर रात नोएडा पुलिस से संपर्क किया और बताया कि लारेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने सलमान खान को धमकी दी है और जिस नंबर से धमकी दी गई है उसका ‘लोकेशन’ नोएडा में है।
ग्रेटर नोएडा में आभूषण की दुकान से चोरी के मामला का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने आभूषण की दुकान में चोरी के मामले के एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान शिवा उर्फ पवन के रूप में हुई है जिसके पास से एक मोटरसाइकिल, देसी तमंचा और आभूषण की दुकान से चोरी किए गए जेवरात बरामद किए गए।
प्रधानाचार्य हत्याकांड: पिता की मौत का बदला लेने के लिए दिया था वारदात को अंजाम
भदोही जिले के इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य योगेंद्र बहादुर सिंह हत्याकांड का खुलासा करते हुए मंगलवार को भदोही पुलिस ने बताया कि 27 साल पहले इस कॉलेज में नियुक्त अजय बहादुर सिंह की हत्या का बदला लेने के लिए उनके बेटे ने सुपारी देकर प्रधानाचार्य की हत्या कराई थी। पुलिस अधीक्षक मीनाक्षी कात्यायन ने बताया कि योगेंद्र बहादुर सिंह और उनके भाई अनिल सिंह ने कथित तौर पर अजय बहादुर की हत्या की थी जिसके बाद योगेंद्र खुद इस कॉलेज में अध्यापक बन गए।
प्रतापगढ़ में हत्या के दोषी को सश्रम आजीवन कारावास की सजा
प्रतापगढ़ जिले की एक अदालत ने हत्या के एक मामले में एक व्यक्ति को दोषी ठहराते हुए सश्रम आजीवन कारावास और 20,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जिला शासकीय अधिवक्ता योगेश शर्मा ने मंगलवार को बताया कि पुत्तू लाल ने थाना रानीगंज में प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उसके बड़े भाई फूलचंद्र 27 जून 2020 को सुबह छः बजे शौचालय की टूटे पाइप को बदल रहे थे, तभी पड़ोस में रहने वाले सुनील, नन्दलाल, रामकुमार, राजेंद्र और अजय ने धारदार हथियार और लाठी डंडे से उन पर हमला कर दिया। (भाषा)



