EPIC: निर्वाचन आयोग ने कहा-ईपीआईसी क्रमांक के दोहराव के मुद्दे का तीन माह में होगा समाधान, टीएमसी ने साधा निशाना

मतदाता पहचान पत्र क्रमांक (Voter ID Card Number) के दोहराव के मामले में लीपापोती के आरोपों के बीच भारत निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को कहा कि वह अगले तीन महीनों के भीतर दशकों से लंबित मामले का समाधान करेगा। तृणमूल कांग्रेस ने विभिन्न राज्यों में मतदाता पहचान पत्र संख्या के दोहराव का मुद्दा उठाया और निर्वाचन आयोग पर मामले को दबाने का आरोप लगाया।
निर्वाचन आयोग ने अंतत: दोष स्वीकार कर लिया है, दोहराव वाले ईपीआईसी क्रमांक पर तृणमूल
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने आखिरकार अपना दोष स्वीकार कर लिया है। तृणमूल कांग्रेस की यह टिप्पणी मतदाता पहचान पत्र क्रमांक के दोहराव के मुद्दे पर निर्वाचन आयोग द्वारा दूसरा बयान जारी किये जाने के बाद आई।
साकेत गोखले ने कही ये बात
तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य साकेत गोखले ने निर्वाचन आयोग द्वारा एक बयान जारी करने के तुरंत बाद सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग ने आखिरकार अपना दोष स्वीकार कर लिया है कि उसने कई लोगों को दोहराव वाले ईपीआईसी (मतदाता फोटो पहचान पत्र) नंबर आवंटित किए हैं। यह सब इसलिए हुआ है क्योंकि (पश्चिम बंगाल की) मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने निर्वाचन आयोग के झूठ को पकड़ा और इस घोटाले को उजागर किया। (भाषा)



