बधाई संदेश

Ganesh Chaturthi 2024: देशभर में गणेशोत्सव की धूम, राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने दी बधाई

देशभर में शनिवार को गणेश चतुर्थी मनाई गई। लोगों ने अपने परिवार के साथ गणेश जी की पूजा-अर्चना और आरती की। इस बीच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को गणेश चतुर्थी की बधाई दी हैं। भगवान गणेश हिंदू धर्म में विघ्नहर्ता और प्रथमपूज्य देवता के रूप में पूजे जाते हैं। वो अशुभता को दूर कर शुभ फल प्रदान करते हैं। गणेश चतुर्थी से ही 10 दिवसीय गणेशोत्सव का आगाज होता है। इस वर्ष गणेश चतुर्थी सात सितंबर को मनाई जा रही है। देश के लगभग हर हिस्से में सुबह भगवान गणेश की मंदिरों में आरती की गई।

गणेश जी आपदाओं से सबकी रक्षा करें और समृद्धि का संचार करेंः राष्ट्रपति
राष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा है कि मैं सभी देशवासियों को गणेश चतुर्थी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। देश के अनेक भागों में सामूहिक उल्लास से मनाया जाने वाला यह पर्व सामाजिक ऊर्जा का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है। हमारी परंपरा में भगवान गणेश को मंगलदाता और विघ्नहर्ता माना जाता है। गणेश चतुर्थी के इस शुभ अवसर पर मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वे आपदाओं से सबकी रक्षा करें और समृद्धि का संचार करें। गणपति बाप्पा मोरया!

मोदी ने देशवासियों को गणेश चतुर्थी की दी हार्दिक शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा है कि समस्त देशवासियों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं। गणपति बाप्पा मोरया।

अंधेरी ईस्ट में दुनिया की सबसे ऊंची इको-फ्रेंडली गणपति मूर्ति का अनावरण
अंधेरी ईस्ट में दुनिया की सबसे ऊंची इको-फ्रेंडली गणपति मूर्ति का अनावरण किया गया है, जिसे ‘बूमेरांग का राजा’ के नाम से जाना जाता है। 26.1 फीट ऊंची इको-फ्रेंडली गणेश मूर्ति ने विश्व रिकॉर्ड बनाया है। 300 किलोग्राम वजनी यह मूर्ति 3.5 लाख टिशू पेपर, 22 किलोग्राम गोंद और 45 किलोग्राम धातु से बनी है।

मुंबई के बांद्रा में गणेश मंडल ने ‘विवेकानंद रॉक मेमोरियल’ की 52 फुट ऊंची प्रतिकृति बनाई
मुंबई के एक गणेश मंडल ने शनिवार से शुरू हुए गणेश उत्सव के तहत तमिलनाडु के कन्याकुमारी में स्थित ‘विवेकानंद रॉक मेमोरियल’ की 52 फुट की प्रतिकृति बनाई है जो स्वामी विवेकानंद को समर्पित है। बांद्रा पश्चिम सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल ने जनता के दर्शन के लिए यह प्रतिकृति बनाई है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button