Haryana Election: भाजपा में बगावत, मंत्री रणजीत चौटाला और विधायक लक्ष्मण नापा ने पार्टी छोड़ी

हरियाणा (Haryana) में पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा 67 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को पार्टी को बगावत का सामना करना पड़ा और टिकट नहीं मिलने पर मंत्री रणजीत सिंह चौटाला और विधायक लक्ष्मण दास नापा ने पार्टी छोड़ दी। पूर्व उपप्रधानमंत्री देवीलाल के पुत्र और ऊर्जा एवं जेल मंत्री रणजीत चौटाला (79) ने कहा कि उन्होंने यह निर्णय अपने समर्थकों के साथ बैठक के बाद लिया है और अब वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे।
प्रधानमंत्री के संकल्प को आगे बढ़ाने का काम करेंगेः नायब सिंह सैनी
हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की सूची पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने बहुत विचार के बाद उसे जारी किया है। मैं केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करूंगा और सभी प्रत्याशियों को बहुत-बहुत बधाई दूंगा। तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। पिछले 10 साल में बिना किसी भेदभाव के हमारी डबल इंजन की सरकार ने काम किए हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि हरियाणा के लोग प्रधानमंत्री के संकल्प को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। हमने जो काम किए हैं, उनको लेकर हम जनता के बीच जाएंगे।
दीपेंद्र सिंह हुड्डा बोले, हरियाणा से भाजपा जा रही, कांग्रेस पार्टी आ रही
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के लोग प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने जा रहे हैं और यह बात भाजपा के नेतृत्व को भी पता है। हमारी पार्टी की प्रक्रिया जारी है, सही समय पर (लिस्ट जारी की जाएगी)। सभी रिपोर्ट एक ही है कि हरियाणा से भाजपा जा रही है और कांग्रेस पार्टी आ रही है।
उचाना जीतेगा तो हरियाणा जीतेगाः दुष्यंत चौटाला
हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री और उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र से जननायक जनता पार्टी (जजपा) उम्मीदवार दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उचाना की धरा ने पिछली बार भी चुनावी बिगुल बजाया था और प्रदेश में युवा ताकत ने मजबूती के साथ लड़ाई लड़ी और आज भी उचाना ने वो नींव रखी है। मैं कहता हूं कि उचाना जीतेगा तो हरियाणा जीतेगा और उचाना मजबूती के साथ इस जिम्मेदारी को पूरे प्रदेश में लेकर जाएगा कि जननायक जनता पार्टी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) मिलकर प्रदेश को युवा नेतृत्व देगी। मैं मानता हूं कि आने वाले दिनों में युवा ताकत बदलाव की एक गहरी नींव रखेगी। (भाषा/एएनआई)



