देश-दुनिया

Eid: राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने देशवासियों को ईद की बधाई दी

Eid-ul-Fitr 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देशवासियों को ईद-उल-फितर की बधाई देते हुए कामना की कि यह त्योहार समाज में आशा, सद्भाव और दयालुता की भावना को बढ़ाए। दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में रविवार शाम ईद-उल-फितर का चांद नजर आने के साथ ही रमजान का महीना संपन्न हो गया और सोमवार को देशभर में ईद मनाई जा रही है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि ईद-उल-फित्र की हार्दिक बधाई। यह त्योहार हमारे समाज में आशा, सद्भाव और दयालुता की भावना को बढ़ाए। यह त्योहार आपके लिए खुशहाली लाए और आपको आपके सभी प्रयासों में सफलता मिले। ईद मुबारक।

राष्ट्रपति मुर्मू ने ईद-उल-फितर की बधाई दी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ईद-उल-फितर पर देशवासियों को बधाई दी और कामना की कि यह त्योहार सभी के जीवन में शांति, प्रगति और खुशियां लेकर आए। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि ईद-उल-फितर के मुबारक मौके पर सभी देशवासियों, विशेष रूप से मुस्लिम भाईयों और बहनों को बधाई। यह त्योहार भाईचारे की भावना को मजबूत बनाता है तथा करुणा-भाव और दान की प्रवृत्ति को अपनाने का संदेश देता है। मैं कामना करती हूं कि यह पर्व सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए तथा सबके दिलों में नेकी के रास्ते पर आगे बढ़ने के जज्बे को मजबूत बनाए।

दिल्ली की जामा मस्जिद में लोगों ने कड़ी सुरक्षा के बीच अदा की ईद की नमाज
दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में ईद-उल-फितर पर कड़ी सुरक्षा के बीच बच्चों और बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। जामा मस्जिद में मौजूद एक अधिकारी ने बताया कि शांति के साथ ईद का पर्व मनाया जाना सुनिश्चित करने के लिए अर्धसैनिक बलों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिस दलों को जामा मस्जिद में तैनात किया गया था।

ईद पर सभी को सद्भाव एवं सामाजिक सौहार्द को सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए : योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को ईद की बधाई देते हुए कहा कि इस पर्व पर सभी को सद्भाव एवं सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद-उल-फित्र के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

उप्र में ईद के पर्व पर मस्जिदों और ईदगाहों में अदा की गई नमाज, अमन-चैन की दुआ
उत्तर प्रदेश में पारंपरिक उल्‍लास के साथ ईद-उल-फितर का पर्व मनाया गया। लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में ईद-उल-फितर की नमाज अदा हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली की इमामत में नमाज़ अदा की और अमन एवं शान्ति के लिए विशेष दुआएं की।

झारखंड में कड़ी सुरक्षा के बीच मना ईद-उल-फितर का त्योहार
झारखंड में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद-उल-फितर का त्योहार धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। सभी आयु वर्ग के लोग कुर्ता-पायजामा पहनकर नमाज अदा करने के लिए अपनी निकटतम मस्जिद में पहुंचे।

ईद पर ममता ने एकजुटता का आह्वान किया, भाजपा की विभाजनकारी राजनीति की निंदा की
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ईद पर लोगों से आग्रह किया कि वे ऐसे उकसावे में न आएं, जिससे सांप्रदायिक दंगे भड़क सकते हैं। ममता ने भाजपा की विभाजनकारी नीतियों की निंदा की है।

तमिलनाडु में मनी ईद
तमिलनाड़ु में ईद पर विशेष नमाज अदा करने के लिए राज्य भर में मस्जिदों और निर्धारित स्थानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी। यह त्योहार हमेशा की तरह इस बार भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया तथा लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

ईद-उल-फितर पर शेयर, मुद्रा, जिंस बाजार बंद
ईद-उल-फितर के अवसर पर शेयर, मुद्रा, जिंस और वायदा-विकल्प बाजार सोमवार को बंद रहेंगे।
देशभर में ईद मनाई गई। इस मौके पर नेताओं और लोगों ने एक दूसरे को ईद की बधाई दी। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button