देश-दुनिया

HMPV: एचएमपीवी को लेकर केंद्र ने राज्यों से श्वसन संबंधी रोगों की निगरानी बढ़ाने को कहा

भारत (Bharat) में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) संक्रमण के पांच मामले सामने आने के बाद केंद्र ने राज्यों को इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी (आईएलआई) और गंभीर तीव्र श्वसन संबंधी रोग (एसएआरआई) सहित श्वसन संबंधी बीमारियों के लिए निगरानी बढ़ाने तथा एचएमपीवी की रोकथाम के बारे में जागरूकता फैलाने की सलाह दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने सोमवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ एक डिजिटल बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में स्वास्थ्य सचिव ने देश में श्वसन संबंधी बीमारियों और एचएमपीवी मामलों एवं उनके प्रबंधन के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों का जायजा लिया गया।

एचएमपीवी कोई नया वायरस नहीं, चिंता की कोई बात नहीं: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भारत में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) के मामले सामने आने के बाद सोमवार को कहा कि सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि एचएमपीवी कोई नया वायरस नहीं है और देश में किसी भी सामान्य श्वसन वायरस रोगजनक में कोई वृद्धि नहीं देखी गई है।

एचएमपीवी को लेकर घबराने की जरूरत नहीं: तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री
तमिलनाडु (TamilNadu) सरकार ने मंगलवार को कहा कि ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) कोई नया और खतरनाक संक्रमण नहीं है। ऐसे में इसको लेकर घबराने की जरूरत नहीं और यह भी कहा कि राज्य में इससे संक्रमित मिले दो व्यक्ति ठीक हैं।

संक्रमित मिले दोनों ठीक
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मा. सुब्रमण्यन ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि उनमें से एक 69 वर्षीय सलेम का निवासी है जो कैंसर, उच्च रक्तचाप और मधुमेह से ग्रस्त है, जबकि दूसरा, 45 वर्षीय चेन्नई का निवासी है। उन्होंने कहा क कि दोनों ठीक है। एचएमपीवी को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है और केंद्र ने भी इस पर जोर दिया है।

संक्रमण ने कोई बड़ा प्रभाव नहीं डाला
उन्होंने कहा कि संक्रमण ने भारत और खासकर राज्य में कोई बड़ा प्रभाव नहीं डाला है। मंत्री ने कहा कि सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित लोग एचएमपीवी की जांच करवा सकते हैं, लेकिन इसके लिए कोई विशेष उपचार नहीं है। उन्होंने कहा कि मास्क पहनना, सामाजिक दूरी बनाए रखना और हाथ साफ रखने जैसे उपायों को अपनाने के लिए लोगों, खासकर लक्षण वालों को प्रेरित किया जा रहा है। सुब्रमण्यन ने कहा कि मुख्यमंत्री एम के स्टालिन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button