Chhath Puja: लालू प्रसाद यादव ने राजग सरकार पर छठ पर पर्याप्त ट्रेन नहीं चलवाने का लगाया आरोप, कसा ये तंज

Chhath Puja 205: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने शनिवार को केंद्र सरकार पर छठ पूजा के दौरान अपने घर आने के इच्छुक बिहार के प्रवासी श्रमिकों के लिए पर्याप्त ट्रेन नहीं चलाने का आरोप लगाया और कहा कि वे लोग अमानवीय परिस्थितियों में यात्रा करने को मजबूर हैं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें लोग त्योहार के लिए बिहार जाने वाली ठसाठस भरी ट्रेन में यात्रा करते यात्री दिखाई दे रहे हैं।
कहा, बिहारवासियों को अमानवीय तरीके से ट्रेनों में सफर करना पड़ रहा
लालू ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि झूठ के बेताज बादशाह और जुमलों के सरदार ने शेखी बघारते हुए कहा था कि देश की कुल 𝟏𝟑,𝟏𝟗𝟖 ट्रेनों में से 𝟏𝟐,𝟎𝟎𝟎 रेलगाड़ियां छठ पर्व के अवसर पर बिहार के लिए चलाई जाएंगी। यह भी सफेद झूठ निकला। 𝟐𝟎 साल की एनडीए सरकार में पलायन का दंश झेल रहे बिहारियों के लिए लोक आस्था के महापर्व छठ पर भी ये लोग रेलगाड़ियां ढंग से नहीं चलवा सकते। मेरे बिहारवासियों को अमानवीय तरीके से ट्रेनों में सफर करना पड़ रहा है। कितना शर्मनाक है? डबल इंजन सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रतिवर्ष बिहार के चार करोड़ से अधिक लोग काम के लिए अन्य राज्यों में पलायन करते है। यूपीए सरकार के बाद से एनडीए सरकार ने बिहार में कोई बड़ा उद्योग नहीं लगाया। ये लोग बिहार विरोधी है।
लालू ने साझा किया ये वीडियो
लालू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें लोग त्योहार के लिए बिहार जाने वाली ठसाठस भरी ट्रेन में यात्रा करते यात्री दिखाई दे रहे हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



