New Delhi Station Stampede: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 18 लोगों की मौत पर किसने-क्या कहा

New Delhi Railway Station: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात मची भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए। प्लेटफार्म संख्या 14 और 15 पर प्रयागराज (जहां महाकुंभ का आयोजन किया गया है) जाने वाली ट्रेन पर सवार होने के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है। वहीं, कांग्रेस ने कहा है कि स्टेशन पर भगदड़ रेलवे की विफलता और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है।
रेलवे ने नई दिल्ली स्टेशन पर भगदड़ की जांच के लिए गठित समिति के सदस्यों के घोषित किए नाम
रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की जांच के लिए गठित समिति के दो सदस्यों के नाम रविवार को घोषित किए।इसने कहा कि उत्तर रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक नरसिंह देव और उत्तर रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त पंकज गंगवार समिति के सदस्य हैं। समिति ने जांच शुरू कर दी है और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की सभी वीडियो फुटेज जुटाने के आदेश दिए हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना की पुलिस ने शुरू की जांच
दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की घटना की रविवार को जांच शुरू कर दी, जिसके तहत सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर यह पता लगाया जाएगा कि अफरातफरी क्यों मची। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
लोगों ने धक्का-मुक्की की; जो गिर गए, वे कुचले गए: प्रत्यक्षदर्शी
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस भयावह घटना के बाद स्टेशन पर यात्रियों का सामान यहां-वहां बिखरा पड़ा था और मदद के लिए लोग चिल्ला रहे थे।
हाथगाड़ी पर शव ढोए, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मौजूद कुली
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात मची भगदड़ के दौरान वहां मौजूद रहे कुलियों ने बताया कि उन्होंने हाथगाड़ियों पर शवों को ढोया था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना पर जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना में लोगों की मौत होने पर रविवार को शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में लोगों की मौत होने के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
पीएम मोदी ने जताया दुख
पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्दी ठीक हो जाएं। अधिकारी इस भगदड़ से प्रभावित सभी लोगों की सहायता कर रहे हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हादसे में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
स्टेशन पर भगदड़ रेलवे की ‘विफलता’ और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है: कांग्रेस
कांग्रेस ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में हुई मौतों के बारे में सरकार पर रविवार को सच्चाई छिपाने का आरोप लगाया और कहा कि इससे एक बार फिर रेलवे की विफलता और सरकार की असंवेदनशीलता उजागर हुई है। (भाषा)
अरविंद केजरीवाल ने जताया दुख
दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत बेहद दुखद एवं पीड़ादायक है। ईश्वर उनकी आत्माओं को शांति प्रदान करें। हादसे में जिन परिवारों ने अपनों को खोया उन सभी के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।



