Delhi-NCR Pollution: सांसों पर संकट, दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंचा; एक्यूआई 400 पार

Delhi-NCR News: दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में रविवार को वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 पार रहा। यह जानकारी केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने दी। राष्ट्रीय राजधानी में रातभर घनी धुंध छाई रही, जिससे लोगों को सांस लेने में कठिनाई हुई।
जानें, कहां-कितना रहा एक्यूआई
सीपीसीबी के अनुसार, सुबह दिल्ली का एक्यूआई 459, नोएडा का 469 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 442 मापा गया। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, एक्यूआई 0 से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 गंभीर माना जाता है।
राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा
मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री कम 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 100 प्रतिशत दर्ज की गई।
सख्त प्रतिबंध लागू
बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने शनिवार को सभी स्कूलों को नौवीं और 11वीं की पढ़ाई हाईब्रिड मोड पर कराने का निर्देश दिया। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के स्तर को और बिगड़ने से रोकने के लिए चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) के चौथे चरण के तहत सख्त प्रतिबंध शनिवार से लागू किए।
राजमार्गों पर वाहनों की गति सीमा घटाई
गौतमबुद्ध नगर के पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ प्रवीण रंजन ने बताया कि कोहरे की संभावना के कारण जिले में विभिन्न राजमार्गों पर वाहनों की गति सीमा घटा दी गई है, और यह व्यवस्था सोमवार से लागू होगी। 15 दिसंबर रात 12 बजे से यमुना एक्सप्रेसवे पर हल्के वाहनों की गति सीमा 100 किलोमीटर से घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है, जबकि भारी वाहनों के लिए यह 60 किलोमीटर प्रति घंटा की गई है। यह आदेश 15 फरवरी तक लागू रहेगा। नोएडा एक्सप्रेसवे पर हल्के वाहनों के लिए गति सीमा 75 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहनों के लिए 50 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। एलिवेटेड मार्ग पर हल्के वाहनों की गति सीमा 50 और भारी वाहनों की 40 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है।
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण बढ़ने से ग्रैप के तहत चौथे चरण की पाबंदियां लागू
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने प्रतिकूल मौसम की स्थिति के बीच प्रदूषण के स्तर में तेजी से वृद्धि होने के बाद शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में सभी निर्माण और ध्वस्तीकरण गतिविधियों पर प्रतिबंध सहित अपनी वायु प्रदूषण नियंत्रण योजना के सबसे सख्त ‘ग्रैप’ के चौथे चरण को लागू कर दिया।
दिल्ली सरकार का वायु प्रदूषण के चलते नौवीं, 11वीं तक के लिए ‘हाइब्रिड’ कक्षाएं शुरू करने का आदेश
दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बिगड़ती वायु गुणवत्ता के मद्देनजर सभी स्कूलों को कक्षा नौवीं और 11वीं तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड मोड में कक्षाएं चलाने का निर्देश दिया है। हाइब्रिड मोड से आशय ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों प्रकार से कक्षाएं संचालित करने से है। (भाषा)



