Operation Sindoor: अमित शाह बोले, दुनिया भारतीय सेना की क्षमता और पीएम मोदी के दृढ़ संकल्प की कर रही है प्रशंसा

Operation Sindoor: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को ऑपरेशन सिंदूर की प्रशंसा करते हुए कहा कि आजादी के बाद यह पहली बार है जब भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में 100 किलोमीटर अंदर घुसकर आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया।
गांधीनगर में शाह बोले, भारतीय सशस्त्र बलों ने 100 आतंकियों को मार गिराया
गांधीनगर जिले के कोलावाड़ा गांव में जनसभा में शाह ने कहा कि पूरी दुनिया भारतीय सेना की क्षमता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृढ़ संकल्प की प्रशंसा कर रही है। भारतीय सशस्त्र बलों ने लगभग 100 आतंकियों को मार गिराया, आतंकी संगठनों के मुख्यालयों को तबाह कर दिया और 15 सैन्य प्रतिष्ठानों को भी नष्ट कर दिया, जिससे अंततः पाकिस्तान की वायु सेना की जवाबी हमला करने की क्षमता कम हो गई।
मोदी ने देश की महिलाओं के सम्मान में ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया
शनिवार से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर आए शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की महिलाओं के सम्मान में ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया। मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले कई वर्षों तक नियमित अंतराल पर आतंकवादी हमले होते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है। गांधीनगर से लोकसभा सदस्य शाह ने कहा कि आतंकी पाकिस्तान से आते थे, हमारे सैनिकों और लोगों को मारते थे और चले जाते थे। वे बम विस्फोट करते थे और भारत के खिलाफ साजिश रचते थे। लेकिन तब उन्हें कभी कोई जवाब नहीं दिया गया। मोदी के सत्ता में आने के बाद भारत में तीन बड़े आतंकी हमले हुए हैं- उरी, पुलवामा और पिछले महीने पहलगाम।
पहलगाम हमले का बदला जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के मुख्यालयों को ध्वस्त कर लिया
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मुंहतोड़ जवाब दिया और पूरी दुनिया इसे आश्चर्य से देख रही है, जबकि पाकिस्तान इससे भयभीत है। शाह ने कहा कि उन्होंने (पाकिस्तान स्थित आतंकियों ने) अतीत में भारत के जवाब से सबक नहीं सीखा और पहलगाम में आतंकी हमला किया। इस बार ऑपरेशन सिंदूर के तहत हमने आतंकी संगठनों के मुख्यालयों को नष्ट कर दिया।आज मैं बहुत गर्व के साथ यह कहने आया हूं कि हमने पहलगाम हमले का बदला जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के मुख्यालयों को ध्वस्त करके लिया है। पाकिस्तानी आतंकियों ने निहत्थे भारतीय नागरिकों को उनके परिवारों के सामने उनका धर्म पूछकर बेरहमी से मार डाला था।
आतंकी संगठनों के मुख्यालयों को नष्ट किया
शाह के अनुसार, भारतीय सशस्त्र बलों ने न केवल आतंकी संगठनों के मुख्यालयों को नष्ट कर दिया, बल्कि उन नौ ठिकानों को भी नष्ट कर दिया, जिनका इस्तेमाल आतंकियों को प्रशिक्षित करने और उन्हें भारत में घुसपैठ कराने के लिए किया जा रहा था।पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के मुजफ्फराबाद, बहावलपुर और मुरीदके जैसे कई स्थानों पर हमारे सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान की सीमा में 100 किलोमीटर अंदर घुसकर हमला किया और आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। भारत की कार्रवाई में पाकिस्तान से सक्रिय करीब 100 आतंकवादी मारे गए।
भारत ने पाकिस्तान को दिखा दिया कि तुम हमारी मिसाइलों को नहीं रोक सकते
उन्होंने कहा कि भारत की वायु रक्षा प्रणाली की बदौलत पड़ोसी देश द्वारा हमला किए जाने पर एक भी पाकिस्तानी ड्रोन या मिसाइल नहीं पहुंच पाई। जवाब में भारत ने आम पाकिस्तानी नागरिकों को नुकसान पहुंचाए बिना उनके हवाई ठिकानों समेत 15 सैन्य प्रतिष्ठानों को नष्ट कर दिया। भारत ने पाकिस्तान को दिखा दिया कि तुम हमारी मिसाइलों को नहीं रोक सकते। आजादी के बाद यह पहली बार है कि भारतीय सेना पाकिस्तान की सीमा में 100 किलोमीटर अंदर गई और आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया।
कहा, जब भी दुनिया में सैन्य अभियानों की बात होगी, तो ऑपरेशन सिंदूर की भी चर्चा होगी
उन्होंने कहा कि वे (पाकिस्तान) हमें परमाणु शक्ति होने की धमकी देते थे। उन्हें लगता था कि हम उनकी धमकियों से डर जाएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हमारी सेना, नौसेना और वायुसेना ने उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया। पूरा विश्व भारत के सटीक सैन्य हमलों, संयम और प्रधानमंत्री मोदी के दृढ़ संकल्प की प्रशंसा कर रहा है। जब भी दुनिया में सैन्य अभियानों की बात होगी, तो ऑपरेशन सिंदूर की भी चर्चा होगी। प्रधानमंत्री ने हमारी माताओं और बहनों के सम्मान में इसका नाम ऑपरेशन सिंदूर रखा। प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम हमले के बाद बिहार में किए गए अपने वादे को पूरा किया कि भारत बदला लेगा और आतंकियों को खत्म कर देगा। गांधीनगर में इस कार्यक्रम में शाह ने 700 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। (भाषा)



