Haryana Sports: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से की मुलाकात

Haryana News: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेट कप्तान माइकल क्लार्क ने सोमवार को यहां हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की और क्रिकेट के विकास, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल सहभागिता बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की। इस मौके पर नायब सैनी ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के साथ क्रिकेट का भी आनंद लिया।
दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के महत्व पर दिया जोर
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद क्लार्क ने दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत रिश्ते हैं, जिन्हें खेल और लोगों के आपसी संपर्क के माध्यम से और सुदृढ़ किया जा सकता है।
नायब सैनी ने कही ये बात
नायब सैनी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क से चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में मिलना और उनके साथ क्रिकेट खेलने का अवसर प्राप्त होना मेरे लिए एक बेहद खास और अविस्मरणीय अनुभव रहा। उनकी खेल भावना, सहजता और साथी खिलाड़ियों के प्रति गहरा सम्मान इस खेल की असली खूबसूरती को दर्शाता है। ऐसे क्षण न केवल यादगार होते हैं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनते हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



