Gujarat Fire: गुजरात के बनासकांठा में पटाखा गोदाम में आग लगने से 18 लोगों की मौत, गुजरात और मप्र के सीएम ने जताया दुख

Fire In Gujarat: गुजरात के बनासकांठा में मंगलवार को एक पटाखा गोदाम में आग लगने और इमारत के कुछ हिस्से ढहने से 18 लोगों की जान चली गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह घटना डीसा कस्बे के पास स्थित इकाई में हुई। इस घटना पर गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने दुख जताया है।
गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने जताया दुख
गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि बनासकांठा में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में लोगों की मौत से बहुत दुख हुआ है। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
गुजरात के कारखाने में लगी आग में मारे गए लोगों में मध्य प्रदेश के श्रमिक भी शामिल: मोहन यादव
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को कहा कि गुजरात के एक कारखाने में लगी भीषण आग में जान गंवाने वाले लोगों में मध्यप्रदेश के कुछ मजदूर भी शामिल थे। मोहन यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि गुजरात के बनासकांठा स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट से मध्यप्रदेश के श्रमिकों की असामयिक मृत्यु तथा गंभीर घायल होने का दुखद समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहन संवेदना व्यक्त करता हूं। प्रदेश सरकार घायल श्रमिकों व मृतकों के परिजनों की हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। दुर्घटना के संबंध में गुजरात सरकार के साथ सतत संपर्क किया जा रहा है।बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को त्वरित स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।



