International Womens Day: महिला दिवस पर पीएम मोदी ने नारी शक्ति को किया नमन

Womens Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति को बधाई दी और विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी दोहराया कि अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाएं एक दिन के लिए उनका सोशल मीडिया अकाउंट संभालेंगी।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने नारी शक्ति को किया नमन
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नारी शक्ति को नमन किया और उनकी शक्ति और साहस की सराहना की। राजभवन द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि राज्यपाल ने अपने साहस, विश्वास और करुणा के माध्यम से मार्गदर्शन करने वाली सभी महिलाओं को महिला दिवस की बधाई दी।
आठ मार्च : महिलाओं के लिए खुश होने का मौका
महिला दिवस के मौके पर अपनी रिश्तेदारों, सहेलियों और सहयोगी महिलाओं को शुभकामना संदेश भेजने के साथ ही कार्ड, चॉकलेट, फूल और अन्य उपहार देने की तैयारियां जोरों पर हैं। हालांकि, इस बात से बहुत ज्यादा लोग वाकिफ नहीं हैं कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आखिर क्यों और कब से मनाया जाता है।
दरअसल साल 1908 में एक महिला मजदूर आंदोलन की वजह से महिला दिवस मनाने की परंपरा की शुरूआत हुई। इस दिन 15 हजार महिलाओं ने नौकरी के घंटे कम करने, बेहतर वेतन और कुछ अन्य अधिकारों की मांग को लेकर न्यूयार्क शहर में प्रदर्शन किया। एक साल बाद सोशलिस्ट पार्टी ऑफ अमेरिका ने इस दिन को पहला राष्ट्रीय महिला दिवस घोषित किया। (भाषा)



