UP Politics: सीएम योगी बोले-कांग्रेस और सपा के महिला-विरोधी रवैये के खिलाफ रोष का प्रतीक है जन आक्रोश पदयात्रा, अखिलेश ने साधा निशाना

Jan Aakrosh Padyatra: उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) समेत अन्य विपक्षी दलों पर महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को पारित करने में रुकावट डालने का आरोप लगाते हुए लखनऊ में मंगलवार को जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकाली। वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सीएम योगी की इस पदयात्रा पर निशाना साधा है।
मुख्यमंत्री के सरकारी आवास से शुरू हुई जन आक्रोश यात्रा
मुख्यमंत्री के सरकारी आवास से शुरू हुई जन आक्रोश यात्रा विधान भवन पर समाप्त हुई। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज, हमारी बहनों के नेतृत्व में लखनऊ में जन आक्रोश मार्च निकाला जा रहा है। यह मार्च देश में विशेष रूप से आधी आबादी के बीच, कांग्रेस, सपा, तृणमूल कांग्रेस और द्रमुक के महिला-विरोधी रवैये के खिलाफ व्याप्त रोष का प्रतीक है। जनाक्रोश पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष व केंद्यर वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा शामिल हुए।
योगी आदित्यनाथ की पदयात्रा विपक्ष में बैठने का अभ्यास है: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि विधायिका में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने वाले संविधान संशोधन विधेयक के पारित नहीं होने के विरोध में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पदयात्रा भाजपा के विपक्ष में बैठने का अभ्यास है। अखिलेश यादव ने कहा कि यह पदयात्रा अभ्यास थी। यह दर्शाता है कि विपक्ष में बैठने पर उन्हें इसी तरह का आंदोलन करना होगा। यह पहली सरकार है, जो सत्ता में रहते हुए विपक्ष के रूप में काम करने का अभ्यास कर रही है।
अखिलेश बोले, जनता भाजपा को सदैव के लिए सड़कों पर ला देगी
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि भाजपा लोकसभा में अपनी हार की हताशा, का बदला आमजनता को धूप-गर्मी, प्यास-भूख व जाम के दंड भोगने के रूप में क्यों दे रही है? भोली-भाली बुजुर्ग महिलाओं से लेकर आम महिलाओं तक को ये भी नहीं पता है कि उन्हें जिस पदयात्रा में लाया गया है उसका मुद्दा क्या है। भाजपा अपने झूठ को फैलाने के लिए आम जनता का इस्तेमाल बंद करे। अब क्या दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के पास अपने सदस्य नहीं हैं या डरकर वो फिर से भूमिगत हो गये हैं क्योंकि उन्हें लग रहा है कि उनका भंडाफोड़ होने के बाद सच में जनता का जो आक्रोश उबल रहा है कहीं वो उसके शिकार न हो जाएं। भाजपा सड़कों पर उतरकर जो प्रदर्शन कर रही है वो दरअसल अब हमेशा के लिए विपक्ष में रहने का रिहर्सल है। जनता भाजपा को सदैव के लिए सड़कों पर ला देगी। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



