PM Modi: पीएम मोदी बोले, आतंकवाद से मुक्त क्षेत्र के भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने की दिशा में करेंगे काम

Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को उज्बेकिस्तान और एससीओ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए किर्गिस्तान की यात्रा पर रवाना हुए। उन्होंने कहा कि वह इस संगठन के लिए भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने और आतंकवाद के अभिशाप से मुक्त क्षेत्र के लिए साथी सदस्यों के साथ काम करने को लेकर उत्सुक हैं।
29 से 30 अगस्त तक उज्बेकिस्तान की यात्रा पर रहेंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी पहले 29 से 30 अगस्त तक उज्बेकिस्तान की यात्रा पर रहेंगे। इसके बाद वह किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में 30 अगस्त से एक सितंबर तक होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
आतंकवाद से मुक्त एससीओ क्षेत्र के भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने पर ध्यान: मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के लिए भारत के उस दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं, जो सुरक्षा, संपर्क और अवसर पर आधारित है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह क्षेत्र को आतंकवाद के अभिशाप से मुक्त बनाने के लिए संगठन के सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं।
उज्बेकिस्तान और किर्गिज गणराज्य में इन कार्यक्रमों में होंगे शामिल
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि अगले कुछ दिनों में उज्बेकिस्तान और किर्गिज गणराज्य का दौरा होगा। इन कार्यक्रमों में शामिल हैं: ताशकंद में राष्ट्रपति शौकत मिर्ज़ियोयेव के साथ भारत-उज़्बेकिस्तान दोस्ती को बेहतर बनाने के लिए द्विपक्षीय बातचीत। शास्त्री मेमोरियल और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में महात्मा गांधी केंद्र का दौरा। बिश्केक में SCO शिखर सम्मेलन में बहुपक्षीय और द्विपक्षीय बैठकें। (भाषा)



