Gold Silver Price: सोने का वायदा भाव एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार, मुनाफावसूली से चांदी वायदा भाव 460 रुपये टूटकर 94,787 रुपये प्रति किलोग्राम पर

Gold Silver Price: सोने के वायदा भाव में लगातार चौथे कारोबारी सत्र में मंगलवार को तेजी जारी रही और सुरक्षित निवेश की निरंतर मांग के चलते यह 2,048 रुपये की तेजी के साथ 1,00,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए उच्च स्तर पर पहुंच गया। वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंकाओं के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फेडरल रिजर्व में सुधार की योजना के संकेत दिए जाने के बाद निवेशकों ने सुरक्षित निवेश की ओर रुख किया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का अगस्त डिलीवरी अनुबंध मध्य सत्र के कारोबार में 2,048 रुपये यानी 2.1 प्रतिशत उछलकर 1,00,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया।
मुनाफावसूली से चांदी वायदा भाव 460 रुपये टूटकर 94,787 रुपये प्रति किलोग्राम पर
निवेशकों के मुनाफावसूली करने से मंगलवार को चांदी की वायदा कीमत 460 रुपये गिरकर 94,787 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में मई डिलीवरी वाले चांदी अनुबंध की कीमत 460 रुपये यानी 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 94,787 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। इसमें 14,692 लॉट के लिए कारोबार हुआ। (भाषा)



