राजनीति

Women Reservation: महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों पर राजग-विपक्ष आमने-सामने, जानें-किसने-क्या कहा

Women Reservation: महिला आरक्षण कानून में संशोधन और परिसीमन आयोग के गठन से जुड़े विधेयकों का समर्थन करते हुए बृहस्पतिवार को सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नेताओं ने कहा कि महिलाओं को आरक्षण के लिए वर्षों से इंतजार करना पड़ा है। वहीं, विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार की कार्यप्रणाली देश के संघीय और लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर कर सकती है।

लोकसभा में ये विधेयक हुए पेश
लोकसभा में चर्चा करने और पारित करने के लिए बृहस्पतिवार को संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026 तथा परिसीमन विधेयक, 2026 और संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026 पेश किए गए।

अखिलेश ने साधा निशाना
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि महिला आरक्षण बिल भाजपा और उनके संगी-साथियों के नए धोखे का एक ऐसा काला दस्तावेज है, जो दरअसल खुफिया लोगों की गुप्त योजना है। जिसमें पिछड़े-दलित समाज की महिलाओं को हमेशा के लिए कमजोर करने की साजिश है। उन्हें सच्चे जन प्रतिनिधित्व से वंचित रखने का चक्रव्यूह रचा जा रहा है। ये बिल वर्चस्ववादियों की हार की हताशा और उनकी नारी के प्रति शोषणकारी-दमनकारी सांमती सोच से जन्मा है। महिला आरक्षण बिल एक ‘जनविरोधी जुमले’ से अधिक कुछ और नहीं है।जागरूक महिलाएं इस बार इनके बहकावे-छलावे में नहीं आएंगी। ये बिल भाजपा की कुटिल राजनीति का मुखौटा खींच लेगा।भाजपा का विरोध जितना बढ़ता जाएगा, ऐसे और भी अनेक बिल आएंगे, जिनकी मूल मंशा पीडीए की लगातार बढ़ती एकजुटता-एकता को कमजोर करने की है और किसी भी तरह से सत्ता में बने रहने की है। भाजपा अपनी एक्सपायरी डेट के अंतिम महीनों में चल रही है।

महिला आरक्षण विधेयक लाने की तैयारी जनगणना टालकर पीडीए का हक मारने की बड़ी साजिश: अखिलेश
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर महिला आरक्षण के मुद्दे पर ‘जल्दबाजी’ करके जनगणना को टालने की नीयत रखने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि महिला आरक्षण विधेयक दरअसल पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग) का हक मारने की एक बड़ी साजिश का हिस्सा है।

महिला आरक्षण के नाम पर ओबीसी का हिस्सा चोरी करना चाहते हैं प्रधानमंत्री मोदी : राहुल
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला आरक्षण के नाम पर अन्य पिछड़ा वर्गों (ओबीसी) का हिस्सा चोरी करना चाहते हैं, जो राष्ट्र विरोधी गतिविधि है। राहुल ने लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़ा संवैधानिक संशोधन विधेयक पेश किए जाने से एक दिन पहले जारी वीडियो संदेश में कहा कि अगर सरकार महिला आरक्षण लागू करना चाहती है, तो वह वर्तमान नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू कर सकती है और परिसीमन भी नई जनगणना के आधार पर होना चाहिए, क्योंकि उसमें ओबीसी की आबादी का आंकड़ा होगा।

कहा, हम अन्याय नहीं होने देंगे
गेराहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि कांग्रेस महिला आरक्षण का पूरा समर्थन करती है। संसद ने 2023 में सर्वसम्मति से ये बिल पारित किया था जो अब हमारे संविधान का हिस्सा है। सरकार अब जो प्रस्ताव ला रही है, उसका महिला आरक्षण से कोई संबंध नहीं है। वो सिर्फ़ delimitation और gerrymandering के जरिए सत्ता हथियाने का प्रयास है। जाति जनगणना के आंकड़ों को दरकिनार कर OBC, दलित और आदिवासी समुदायों से किसी हालत में हिस्सा चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हम दक्षिण, उत्तर-पूर्व, उत्तर-पश्चिम और छोटे राज्यों के साथ भी किसी कीमत पर अन्याय नहीं होने देंगे। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button