Delhi News: डीडीए की बहुस्तरीय पार्किंग स्थल का उद्घाटन, अब पार्किंग के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, ट्रैफिक जाम से भी मिलेगी राहत

DDA Parking: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को नेहरू प्लेस डिस्ट्रिक्ट सेंटर में दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा निर्मित बहुस्तरीय पार्किंग का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर दिल्ली सरकार और उसके अधिकारियों के बीच समन्वय और सहयोग के कारण ही दिल्ली का विकास हो रहा है।

पार्किंग की ये हैं खासियत
रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में लिखा कि नेहरू प्लेस को आज से पार्किंग की समस्या का समाधान मिलना शुरू हो गया है। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना की उपस्थिति में छह मंजिला मल्टी लेवल पार्किंग का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। यह मल्टी लेवल पार्किंग पूरी तरह भूकंपरोधी है, हर जगह सीसीटीवी से लैस है, ईवी चार्जिंग की सुविधा है और दिव्यांगजनों के लिए भी पूरी तरह अनुकूल है।

अब पार्किंग के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की लीगेसी प्रॉब्लम्स का समाधान अब तेजी से हो रहा है। दिल्ली को जो आधुनिक सुविधाएं चाहिए, उन्हें मिशन मोड में विकसित किया जा रहा है। अब यहां आने वाले हजारों लोगों को पार्किंग के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और इस पूरे इलाके में ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी। इस अवसर पर क्षेत्र के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, निगम पार्षद योगिता सिंह, राजपाल, जिलाध्यक्ष माया बिष्ट सहित डीडीए के अधिकारीगण और स्थानीय गणमान्यजन भी उपस्थित रहे। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



