Gold Price: सोने की कीमत में दूसरे दिन भी तेजी जारी,95935 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर

Gold Price: मजबूत हाजिर मांग से सटोरियों ने ताजा सौदों की लिवाली की जिससे बृहस्पतिवार को वायदा कारोबार में सोना 274 रुपये चढ़कर 95,935 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में जून में आपूर्ति वाले अनुबंधों में सोने का भाव शुरुआत में 95,935 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। बाद में यह 89 रुपये या 0.09 प्रतिशत तेजी के साथ 95,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसमें 22,403 लॉट के लिए कारोबार हुआ।
रुपया शुरुआती कारोबार में 10 पैसे की बढ़त के साथ 85.54 प्रति डॉलर पर
घरेलू शेयर बाजारों में विदेशी पूंजी के प्रवाह तथा अमेरिकी मुद्रा के कमजोर रुख के बीच रुपया लगातार चौथे कारोबारी सत्र में मजबूत हुआ और बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 10 पैसे की बढ़त के साथ 85.54 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। हालांकि, विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि शेयर बाजार में सुस्त धारणा और कच्चे तेल की कीमतों में मामूली सुधार से स्थानीय मुद्रा की बढ़त सीमित रही। (भाषा)



