West Asia Crisis: पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया संकट पर की चर्चा

Modi-Trump Talk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पश्चिम एशिया संकट (West Asia Crisis) पर चर्चा की। यह जानकारी भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने दी। समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी की अभी बातचीत हुई। उन्होंने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने का महत्व भी शामिल है।
पीएम मोदी बोले, प्रेसिडेंट ट्रंप का फोन आया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया और वेस्ट एशिया के हालात पर अच्छे विचारों का आदान-प्रदान हुआ। भारत जल्द से जल्द तनाव कम करने और शांति बहाल करने का समर्थन करता है। होर्मुज स्ट्रेट का खुला, सुरक्षित और आसानी से पहुंचा जा सकने वाला रहना पूरी दुनिया के लिए जरूरी है। हम शांति और स्थिरता की कोशिशों के बारे में संपर्क में रहने पर सहमत हुए। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



