Rule Change: मैसेज से लेकर क्रेडिट कार्ड तक हो रहे हैं ये बदलाव, आपकी जेब पर पड़ेगा असर; जानें डिटेल्स

दिसंबर (December) 2024 में फोन मैसेज से लेकर क्रेडिट कार्ड तक कई नियमों में बदलाव होने जा रहा है। यह सभी बदलाव आम आदमी के जीवन को प्रभावित करते हैं। जानें, इस माह कौन-कौन से बदलाव होने जा रहे हैंः
गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव
ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव करती हैं। एक दिसंबर 2024 को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ा दी गई है। दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1802 रुपये से बढ़कर अब 1818.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है। इस तरह 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 16.5 रुपये महंगा हो गया है।
आधार में 14 दिसंबर तक कराएं मुफ्त बदलाव
यदि आप अपने आधार में कोई बदलाव कराना चाहते हैं तो 14 दिसंबर तक यह काम मुफ्त में हो जाएगा। इसके बाद आधार में बदलाव कराने के लिए आपको शुल्क देना होगा। यह शुल्क बदलाव के अनुसार अलग-अलग होगा।
आइटीआर दाखिल करने का अंतिम माह
अगर आप व्यक्तिगत करदाता वित्त वर्ष 2023-24 के लिए अभी तक आइटीआर दाखिल नहीं कर पाए हैं, तो लेट फीस के साथ 31 दिसंबर तक आइटीआर फाइल कर सकते हैं। पांच लाख रुपये से ज्यादा आय वालों को पांच हजार और इससे कम आय वालों को एक हजार रुपये लेट फीस देनी होगी। विदेशी लेनदेन करने वाले करदाता 15 दिसंबर तक आइटीआर फाइल कर सकते हैं।
ओटीपी मिलने में हो सकती है देरी
फर्जी काल और मैसेज रोकने के लिए एक दिसंबर से टेलीकाम रेग्युलेटर ट्राई के नए नियम लागू हो रहे हैं। नए नियमों के अनुसार, दूरसंचार कंपनियों को एक दिसंबर से मैसेज ट्रेसबिलिटी की अनिवार्यता का पालन करना होगा। कई रिपोटर्स में दावा किया जा रहा है कि नया नियम लागू होने से उपभोक्ताओं को वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) मिलने में देरी हो सकती है। खासतौर पर आनलाइन शापिंग या लेनदेन से जुड़े ओटीपी उपभोक्ताओं तक पहुंचने में देरी हो सकती है। हालांकि, ट्राई ने स्पष्ट किया है कि नए नियम लागू होने से उपभोक्ताओं तक मैसेज पहुंचने में किसी भी तरह की देरी नहीं होगी।
गेमिंग प्लेटफार्म से जुड़े क्रेडिट कार्ड पर नहीं मिलेंगे रिवार्ड प्वाइंट
एक दिसंबर से कई बैंकों के क्रेडिट कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव हो रहा है। सबसे बड़ा बदलाव एसबीआइ के क्रेडिट कार्ड्स से जुड़ा है। एसबीआइ कॉर्ड्स की वेबसाइट के अनुसार, उसके डिजिटल गेमिंग प्लेटफार्म या मर्चेंट्स से जुड़े तरह के क्रेडिट कार्ड्स पर एक दिसंबर से रिवार्ड प्वाइंट्स नहीं मिलेंगे। यस बैंक ने होटल और फ्लाइट के लिए रिडीम किए जा सकने वाले रिवार्ड प्वाइंट की संख्या कम करने की घोषणा की है। वहीं, एचडीएफसी बैंक के रेगालिया क्रेडिट कार्ड यूजर्स को एक दिसंबर से लाउंज एक्सेस का पात्र होने के लिए प्रत्येक तिमाही में एक लाख रुपये खर्च करने होंगे। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



