Job Fair: पीएम मोदी रोजगार मेले में 71000 युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) सोमवार को भर्ती अभियान रोजगार मेला के तहत करीब 71000 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री इस अवसर पर युवाओं को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित भी करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।
पीएम मोदी देश भर में एक साथ 45 जगहों पर कार्यक्रमों में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जुड़ेंगे
पीएम मोदी देश भर में एक साथ 45 जगहों पर आयोजित कार्यक्रमों में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सुबह 10:30 बजे कार्यक्रम से जुड़ेंगे। यह नियुक्तियां गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग सहित विभिन्न मंत्रालयों/विभागों में की गई हैं। पीएमओ के अनुसार, रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में ये एक और कदम है। यह युवाओं को राष्ट्र निर्माण और आत्म-सशक्तिकरण में उनकी भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा।
इससे पहले इतने युवाओं को वितरित किए थे नियुक्ति पत्र
गौरतलब है कि इससे पहले 29 अक्टूबर को पीएम मोदी ने रोजगार मेले को संबोधित किया था और वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त 51000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए थे। उस दौरान पीएम मोदी ने जॉब लेटर पाने वाले युवाओं से कहा कि आप जनता के सेवक हैं शासक नहीं इसलिए आप गरीबों-पिछड़ों की सेवा कीजिए। अगले 25 साल में आप ही विकसित भारत बनाएंगे।
जानें, कब से हुई रोजगार मेले की शुरुआत
लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे कार्यकाल का पहला रोजगार मेला 29 अक्टूबर को था। रोजगार मेले की शुरुआत अक्टूबर 2022 में हुई थी। इसके तहत अब तक 13 मेलों का आयोजन किया जा चुका है। जिसमें साढ़े आठ लाख से ज्यादा युवाओं काे नौकरी दी जा चुकी है। पहले समारोह के दौरान 75000 से अधिक नियुक्ति पत्र सौंपे गए थे। भर्ती केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों द्वारा स्वयं और यूपीएससी, एसएससी और रेलवे भर्ती बोर्ड जैसी भर्ती एजेंसियों के माध्यम से की जाती है। चयन प्रक्रिया को सरल और तकनीकी रूप से कुशल बताया जाता है। (भाषा)



