Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति के नए दावे को लेकर राहुल गांधी और जयराम रमेश ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक नए दावे को लेकर बृहस्पतिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है।
राहुल गांधी बोले, प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप से डरे हुए हैं
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रंप से डरे हुए हैं। आपरेशन सिंदूर पर उनका विरोध नहीं करते। ट्रंप को यह निर्णय लेने और घोषणा करने की अनुमति देते हैं कि भारत रूसी तेल नहीं खरीदेगा। बार-बार की गई अनदेखी के बावजूद बधाई संदेश भेजते रहते हैं। वित्त मंत्री की अमेरिका यात्रा रद्द कर दी। शर्म अल-शेख में शामिल नहीं हुए।
जयराम रमेश बोले, 56 इंच का सीना अब…
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि भारतीय समयानुसार 10 मई 2025 की शाम 5:37 बजे, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सबसे पहले यह घोषणा की कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर रोक दिया है। इसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पांच अलग-अलग देशों में 51 बार दावा कर चुके हैं कि उन्होंने टैरिफ और व्यापार को दबाव के हथियार के रूप में इस्तेमाल कर हस्तक्षेप किया और भारत को ऑपरेशन सिंदूर रोकने पर मजबूर किया। फिर भी हमारे प्रधानमंत्री मौन रहे। अब राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि भारत अब रूस से तेल का आयात नहीं करेगा। ऐसा प्रतीत होता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कई अहम फ़ैसले अमेरिका को सौंप दिए हैं। 56 इंच का सीना अब सिमटकर सिकुड़ गया है।
डोनाल्ड ट्रंप का दावा, प्रधानमंत्री मोदी ने रूस से तेल नहीं खरीदने का दिया आश्वासन
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को दावा किया था कि उनके मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि भारत अब रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह कदम यूक्रेन पर आक्रमण रोकने के लिए रूस पर दबाव बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



