UP News: बरेली पहुंचे सीएम योगी, दिवंगत विधायक श्याम बिहारी को दी श्रद्धांजलि

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बरेली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक श्याम बिहारी लाल के आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। सीएम योगी ने दिवंगत विधायक की पत्नी, बेटियों व बेटे से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया
योगी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि जनपद बरेली में आज फरीदपुर विधान सभा क्षेत्र से माननीय विधायक स्व. डॉ. श्याम बिहारी लाल जी के आवास पर पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी एवं शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।
दिल का दौरा पड़ने से निधन
बरेली के फरीदपुर (आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक डॉ श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार दोपहर में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पार्टी और परिवार के लोगों ने यह जानकारी दी। डॉ. श्याम बिहारी लाल सर्किट हाउस में पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में शामिल थे। उन्होंने बृहस्पतिवार को अपना 60 वां जन्मदिन मनाया था। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



