Jhalmuri: बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने खाई झालमुरी, ममता बनर्जी ने साधा निशाना

PM Modi Bengal Visit: पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में रविवार को चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ समय निकालकर झालमुरी खरीदकर खाया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है।
जब झालमुरी की दुकान पर पहुंचे प्रधानमंत्री
झाड़ग्राम में प्रधानमंत्री मोदी एक आम नागरिक की तरह अचानक अपना काफिला रुकवाकर झालमुरी की दुकान पर पहुंच गए और दुकानदार से झालमुरी खिलाने को कहा। इस दौरान उन्होंने दुकानदार से बात भी की।
पीएम मोदी ने पूछा, अच्छे वाला झालमुरी कितने का होता है?
झालमुरी की दुकान पर पहुंचते ही पीएम मोदी ने दुकानदार से कहा, भाई हमें अपना झालमुड़ी खिलाओ। जब पीएम मोदी ने पूछा कि अच्छे वाला झालमुरी कितने का होता है, तो दुकानदार ने बताया कि यह 10 और 20 रुपये का। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि हां जो भी है बना दो। पीएम मोदी जब दुकानदार को अपनी जेब से निकालकर 10 रुपये देने लगे, तो दुकानदार ने सम्मान के साथ पैसे लेने को लेकर संकोच जताते हुए मना किया। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि नहीं भाई ऐसे नहीं चलेगा और उन्होंने दुकानदार को 10 रुपये दिए।
पीएम मोदी ने मजाक में कहा, हां सब खाते हैं बस दिमाग नहीं खाते
पीएम मोदी से दुकानदार ने पूछा कि प्याज खाते हैं, तो पीएम मोदी ने कहा, हां सब खाते हैं बस दिमाग नहीं खाते। पीएम मोदी की इस बात पर वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगे।
बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री का झालमुरी खरीदने के लिए रुकना नाटक है: ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को आरोप लगाया कि राज्य में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का अचानक झालमुरी खरीदने के लिए रुकना नाटक था। ममता की यह टिप्पणी मोदी के झाड़ग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान बिना तय कार्यक्रम के एक जगह रुककर झालमुरी खरीदने के एक दिन बाद आई है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



