Weather Update: उफ ये गर्मी, 40 के पार, आईएमडी ने जारी किया येलो अलर्ट; जानें कैसे बचें लू से

Heat Wave: दिल्ली में पारा चढ़ने के बीच चिकित्सकों ने चेतावनी दी है कि अत्यधिक गर्मी के फलस्वरूप ज्यादा पसीना निकलने और लवण की कमी के कारण हल्के चकत्ते और मांसपेशियों में ऐंठन से लेकर थकान और लू लगने(हीटस्ट्रोक) जैसी गंभीर स्थिति तक कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
रहें सचेत
दिल्ली में सोमवार को पहली बार लू दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शहर में फिलहाल येलो अलर्ट जारी किया है, जो बुधवार तक जारी रहेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के कलर कोड में पीले रंग (येलो अलर्ट) का अर्थ होता है कि सचेत रहें। इसमें लोगों को गर्मी के संपर्क में आने से बचने, हल्के, रंग के और ढीले सूती कपड़े पहनने और अपने सिर को ढकने की सलाह दी जाती है।
ऐसे बचें गर्मी से
गर्मी की तीव्रता को देखते हुए स्वास्थ्य पर असर डालने वाली बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. हीटस्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और हीट थकावट जैसी समस्याओं से बचने के लिए ध्यान रखना होगा। बाहर निकलते समय खुद को अच्छी तरह से ढकें और पानी की मात्रा ज्यादा से ज्यादा लें। तरबूज, खीरा और अन्य पानी से भरपूर फल और सब्जियों का सेवन करें। बुजुर्गों, बच्चों और पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
बढ़ती गर्मी के बीच रैन बसेरों में पानी व स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की जाए : डीयूएसआईबी
राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते तापमान से निपटने के लिए दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) ने विभिन्न विभागों को पत्र लिखकर रैन बसरों में नियमित जलापूर्ति, स्वास्थ्य जांच, सफाई अभियान और स्वच्छता उपाय करने का अनुरोध किया है। एक अधिकारी ने बताया कि डीयूएसआईबी ने नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) और नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) से संपर्क किया है। वहीं, नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए स्वास्थ्य एवं कल्याण विभाग को भी पत्र भेजा गया है।
पिछले साल भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग में एक तिहाई वृद्धि हुई: रिपोर्ट
देश में 2024 में अप्रैल से जून तक भीषण गर्मी वाले महीनों में बिजली की मांग इससे पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 10.4 प्रतिशत अधिक रही। इस वृद्धि में एयर कंडीशनर (एसी) के बढ़ते उपयोग का योगदान लगभग एक तिहाई रहा। मंगलवार को जारी एक नयी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। वैश्विक ऊर्जा थिंक टैंक ‘एम्बर्स ग्लोबल इलेक्ट्रिसिटी रिव्यू’ के छठे संस्करण में यह भी कहा गया कि 2024 में वैश्विक बिजली की मांग में वृद्धि के लगभग पांचवें हिस्से के लिए भीषण गर्मी जिम्मेदार रही और इसके कारण ही जीवाश्म ईंधन आधारित बिजली उत्पादन में 1.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर अभी जारी रहेगा: मौसम विभाग
जयपुर: आठ अप्रैल (भाषा) मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर अभी दो तीन दिन जारी रहेगा, हालांकि उसके बाद आंधी व हल्की बारिश से इसमें कुछ राहत मिल सकती है। विभाग के अनुसार, इस समय जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, कोटा जिलों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। राज्य के शेष अधिकतर भागों में भी अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच है और यह तापमान सामान्य से 3-8 डिग्री ऊपर है। (भाषा)



