Uttarakhand News: उत्तराखंड में चमोली के नंदानगर में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से 10 लोग लापता; सीएम ने राहत कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

Chamoli Cloudburst: उत्तराखंड के चमोली जिले के नंदानगर क्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन की वजह से कुंतरी और धुरमा गांवों में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित 10 लोग लापता हो गए। अधिकारियों ने यहां यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आपदा आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर नंदानगर में अतिवृष्टि से हुए नुकसान का आकलन लिया और लापता लोगों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बादल फटने से कई मकान क्षतिग्रस्त
चमोली में नंदानगर घाट स्थान पर गांव में बादल फटने से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। दो गांव में करीब 10 लोग लापता हैं। राहत एवं बचाव टीमें रात को ही मौके पर पहुंच गई थी। बचाव एवं खोज अभियान जारी है। यह जानकारी राज्य आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने दी। इस साल प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं की वजह से इससे पहले भी काफी नुकसान हो चुका है।
बादल फटने से भारी नुकसान
चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने चमोली जिले के नंदानगर घाट क्षेत्र में बुधवार रात बादल फटने से भारी नुकसान हुआ। नंदानगर के कुंत्री लंगाफली वार्ड में छह घर मलबे में दब गए। जिलाधिकारी ने बताया कि सात लोग लापता हैं, जबकि दो को बचा लिया गया है। राहत और बचाव कार्य जारी है।
रोड कई जगह क्षतिग्रस्त
मसूरी के सर्किल ऑफिसर मनोज असवाल ने बताया कि रोड कई जगह क्षतिग्रस्त हुआ है। कई जगह मलबा आ रखा है। संबंधित विभाग बहाली का काम कर रहे हैं। मसूरी में 1500-2000 यात्री रुके हैं, सब सुरक्षित हैं। घबराने की कोई बात नहीं है।
उत्तराखंड ने अतिवृष्टि से हुए नुकसान और आपदा राहत कार्यों की समीक्षा की
इस बीच, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट में लिखा कि शासकीय आवास पर प्रातःकालीन बैठक के दौरान चमोली जनपद के नंदानगर घाट क्षेत्र में अतिवृष्टि से हुए नुकसान और आपदा राहत कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी से दूरभाष पर बात कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अधिकारियों को प्रभावितों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, आपदा राहत कार्यों में तेजी लाने, घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने तथा प्रभावितों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आपदा प्रबंधन विभाग को अतिशीघ्र प्रभावित क्षेत्र के स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना की
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि जनपद चमोली के नंदानगर घाट क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि से आस पास के घरों को क्षति पहुंचने की दुखद सूचना प्राप्त हुई है। स्थानीय प्रशासन, एसडीआरएफ व पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। इस संबंध में निरंतर प्रशासन से संपर्क में हूं और स्वयं स्थिति की गहन निगरानी कर रहा हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं। गौरतलब है कि इस साल उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदाओं की वजह से काफी नुकसान हुआ है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



