Court News: दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर नहीं दिखेंगे आवारा कुत्ते, जानें-सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर किसने-क्या कहा?

Supreme Court News: आवारा कुत्तों के काटने से विशेष रूप से बच्चों में होने वाली रेबीज की समस्या के कारण अत्यंत गंभीर स्थिति के मद्देनजर उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को दिल्ली-एनसीआर के प्राधिकारों को निर्देश दिया कि वे सभी आवारा कुत्तों को शीघ्रतापूर्वक उठाएं और उन्हें आश्रय स्थलों में रखें। सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश को किसी ने अव्यावहारिक बताया तो किसी ने इसका स्वागत किया है। जानें, किसने-क्या कहा?
दिल्ली में आवारा कुत्तों पर उच्चतम न्यायालय का आदेश चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा: रेखा गुप्ता
दिल्ली में आवारा कुत्तों की समस्या के गंभीर रूप लेने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आश्वासन दिया कि सरकार समग्र एवं सुसंगठित योजना के माध्यम से इसका निराकरण करेगी। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली सरकार मंगलवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक भी कर सकती है, जिसमें अदालत के आदेश को लागू करने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की जाएगी।
मेनका गांधी ने आवारा कुत्तों पर शीर्ष अदालत के आदेश को अव्यावहारिक बताया
पशु अधिकार कार्यकर्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में आवारा कुत्तों के संबंध में उच्चतम न्यायालय के आदेश की सोमवार को कड़ी आलोचना की। मेनका ने आवारा कुत्तों को आश्रय स्थलों में रखने के शीर्ष अदालत के निर्देश को अव्यावहारिक, वित्तीय लिहाज से अनुपयुक्त और क्षेत्र के पारिस्थितिकी संतुलन के लिए संभावित रूप से हानिकारक करार दिया।
आवारा कुत्तों को आश्रय स्थलों में भेजने का न्यायालय का फैसला स्वागतयोग्य : आरएडब्ल्यू
दिल्ली-एनसीआर के इलाकों से सभी आवारा कुत्तों को आश्रय स्थलों पर भेजने के उच्चतम न्यायालय के आदेश पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आई हैं। जहां रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) ने इस आदेश का स्वागत किया है, वहीं पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने कहना है कि नगर निकायों के पास इस विशाल कार्य को करने के लिए जमीन और धन की कमी है, और चेतावनी दी है कि इससे मानव-कुत्ते संघर्ष की स्थिति और बदतर हो सकती है। पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने भी आवारा कुत्तों को आश्रय स्थलों पर भेजने के शीर्ष अदालत के आदेश की सराहना करते हुए कहा कि यह उनकी सड़कों से कुत्तों को हटाने की नीति की मांग का समर्थन करता है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



