Manipur News: मणिपुर के चुराचांदपुर में अज्ञात बंदूकधारियों ने चार लोगों की गोली मारकर हत्या की

Manipur Crime: मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में अज्ञात बंदूकधारियों ने 60 वर्षीय महिला सहित चार लोगों की सोमवार को गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घात लगाकर यह हमला मोंगजांग गांव के पास दोपहर दो बजे के आसपास हुआ, जब पीड़ित एक कार में यात्रा कर रहे थे।
आंतरिक मणिपुर के सांसद को केंद्रीय बलों ने इंफाल घाटी के एक गांव का दौरा करने से रोका
आंतरिक मणिपुर के सांसद अकोइजाम बिमोल अंगोमचा को केंद्रीय बलों ने इंफाल घाटी के बाहरी इलाके में स्थित एक गांव का दौरा करने से रोक दिया, जिसके बाद उन्होंने राज्य पर सांप्रदायिक ताकतों के समर्थन में एक काल्पनिक और असंवैधानिक रेखा, तथाकथित ‘बफर जोन’ सीमा बनाने का आरोप लगाया। कांग्रेस सांसद अकोइजाम बिमोल अंगोमचा ने कहा कि वह रविवार को फोगाकचौ इखाई का दौरा करना चाहते थे, जो मेइती बहुल बिष्णुपुर जिले और कुकी बहुल चुराचांदपुर की सीमा पर स्थित एक बाहरी इलाका है और यह उनके निर्वाचन क्षेत्र में आता है।
मणिपुर में तीन उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर के इंफाल पश्चिम और पूर्वी जिलों में सुरक्षा बलों ने विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने एक बयान में कहा कि प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के एक उग्रवादी को रविवार को इंफाल पश्चिम जिले के लामडेंग अवांग लेईकाई से गिरफ्तार किया गया। (भाषा)


