Bahraich Violence: बहराइच में हिंसा पर योगी बोले, माहौल बिगाड़ने वालों को नहीं बख्शेंगे

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में बहराइच (Bahraich) जिले के एक गांव में रविवार को हुई सांप्रदायिक हिंसा के सिलसिले में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है तथा करीब 30 लोगों को हिरासत में लिया है। इस हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी ।
माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगाः योगी
यूपी (UP) के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि जनपद बहराइच के महसी में माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी को सुरक्षा की गारंटी, लेकिन उपद्रवियों और जिनकी लापरवाही से घटना घटी है, ऐसे लोगों को चिह्नित कर कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रतिमा विसर्जन जारी रहेगा। प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों को मौके पर उपस्थित रहकर धार्मिक संगठनों से संवाद कर समय से प्रतिमा विसर्जन कराने हेतु निर्देशित किया है।
स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैंः मोनिका रानी
बहराइच की डीएम मोनिका रानी ने कहा कि हम स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं।
बहराइच में हुई घटना दुखदः अवधेश प्रसाद
बहराइच मे हुई घटना पर समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि ये बहुत ही दुखद है। इस मौके पर सभी से निवेदन है कि सभी सौहार्द कायम करने में और आगे कोई घटना न हो तथा शांति कायम करने में अपना हर तरह से योगदान दे। ये घटना जांच का विषय है।
मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान गोलीबारी और पथराव
बहराइच जिले के हरदी क्षेत्र के महराजगंज बाजार में रविवार को देवी दुर्गा की मूर्ति के विसर्जन जुलूस के दौरान गोलीबारी और पथराव हो गया जिसमें एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में लोगों ने जिला अस्पताल के बाहर युवक का शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। (भाषा)


