Milkipur By Election Result: जानें, अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर कौन-कितने मत से आगे

Milkipur By Election Result 2025: उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए तीसरे दौर की मतगणना पूरी होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चंद्रभानु पासवान अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी (सपा) के अजीत प्रसाद से 10,123 मतों से आगे हैं।
जानें, किसे-कितने मत मिले
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार तीसरे दौर की मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा के पासवान को 17,123 मत मिले, जबकि सपा के प्रसाद को सात हजार मत मिले हैं। मिल्कीपुर विधानसभा सीट, अवधेश प्रसाद के पिछले साल लोकसभा चुनाव में फैजाबाद सीट से निर्वाचित होने के बाद विधानसभा से इस्तीफा देने की वजह से रिक्त हुई है, इसीलिए उपचुनाव जरूरी हो गए हैं। सपा जहां सीट बरकरार रखने की कोशिश कर रही है, वहीं भाजपा इस चुनाव को फैजाबाद लोकसभा सीट पर अपनी हार का बदला लेने के अवसर के रूप में देख रही है। वर्ष 2022 के प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा मिल्कीपुर के रूप में अयोध्या जिले की एकमात्र सीट हारी थी।
3.71 लाख मतदाताओं में से 65 प्रतिशत से अधिक ने प्रयोग किया था अपने मताधिकार का
उत्तर प्रदेश के मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए बुधवार को हुए उपचुनाव में कुल 3.71 लाख मतदाताओं में से 65 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था, जो 2022 के विधानसभा चुनाव में दर्ज मतदान से अधिक है। मिल्कीपुर उपचुनाव, समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है, क्योंकि यह सीट राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण अयोध्या जिले का हिस्सा है।
इस सीट पर कुल 10 उम्मीदवार चुनावी मैदान में
इस सीट पर कुल 10 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला सपा के अजीत प्रसाद और भाजपा के चंद्रभानु पासवान के बीच माना जा रहा है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) यह उपचुनाव नहीं लड़ रही है, वहीं कांग्रेस इस सीट पर अपनी गठबंधन सहयोगी सपा का समर्थन कर रही है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने भी इस सीट से अपना उम्मीदवार उतारा है। (भाषा)



