Mahashivratri: महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और यूपी के सीएम ने दीं शुभकामनाएं

Mahashivratri 2026: देशभर में रविवार को महाशिवरात्रि श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। शिवालयों में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। हर तरफ हर हर महादेव और ऊं नमः शिवाय की गूंज नजर आई। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माघ मेले के अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि पर रविवार को सुबह 10 बजे तक 21 लाख लोगों ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई। मेला प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं का मेला क्षेत्र में आगमन और गंगा स्नान जारी है।
उपराष्ट्रपति ने दीं लोगों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने महाशिवरात्रि पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सभी देशवासियों को भक्ति, शक्ति और भगवान भोलेनाथ को समर्पित पावन पर्व महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं।
महादेव सभी पर अपनी कृपा बनाए रखेंः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि देशभर के मेरे परिवारजनों को महाशिवरात्रि की ढेरों शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि आदिदेव महादेव सदैव सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। उनके आशीर्वाद से सबका कल्याण हो और हमारा भारतवर्ष समृद्धि के शिखर पर विराजमान हो। हर हर महादेव।
बाबा भोलेनाथ की कृपा सभी पर बनी रहेः योगी आदित्यनाथ
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि देवाधिदेव महादेव की उपासना को समर्पित पावन पर्व महाशिवरात्रि की समस्त श्रद्धालुओं एवं प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बाबा भोलेनाथ की कृपा सभी पर बनी रहे, हर हृदय में शांति, हर जीवन में शक्ति और हर पथ में मंगल का संचार हो, यही प्रार्थना है। हर हर महादेव। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



