ED Raid: ईडी ने कोलकाता में आई-पीएसी कार्यालय में की छापेमारी, ममता पहुंचीं जैन के घर; शुभेंदु ने ईडी जांच में दखल बताया

Kolkata News: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में राजनीतिक परामर्श फर्म आई-पीएसी के परिसर के साथ-साथ कुछ अन्य स्थानों पर भी धनशोधन की जांच के तहत छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि आई-पीएसी के सह-संस्थापक एवं निदेशक प्रतीक जैन के परिसर की भी तलाशी ली जा रही है।
ममता बनर्जी ने आई-पीएसी प्रमुख के आवास पर ईडी की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारी यहां आई-पीएसी प्रमुख प्रतीक जैन के आवास पर तलाश अभियान के दौरान तृणमूल कांग्रेस की हार्ड डिस्क, आंतरिक दस्तावेज और संवेदनशील संगठनात्मक डाटा जब्त करने का प्रयास कर रहे थे। बनर्जी ने जैन के आवास पर हुई छापेमारी को राजनीतिक रूप से प्रेरित और असंवैधानिक बताया।
ममता पहुंचीं जैन के घर, शुभेंदु अधिकारी ने ईडी जांच में दखल बताया
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आईपीएसी प्रमुख प्रतीक जैन के आवास पर जाने को असंवैधानिक और केंद्रीय एजेंसी की जांच में सीधा हस्तक्षेप करार दिया। शुभेंदु ने कहा कि ईडी को इस मामले में मुख्यमंत्री के खिलाफ कदम उठाने चाहिए। (भाषा)



