CP Radhakrishnan Sri Lanka Visit: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके और प्रधानमंत्री हरिणी से की मुलाकात

CP Radhakrishnan In Sri Lanka: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने रविवार को कोलंबो में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके से मुलाकात की और भारतीय आवास परियोजना एवं मछुआरों के मुद्दों सहित दोनों दक्षिण एशियाई पड़ोसी देशों के बीच विभिन्न पहलों पर चर्चा की।

कहा, दिसानायके से मिलकर मुझे बहुत खुशी हुई
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि कोलंबो में प्रेसिडेंशियल सेक्रेटेरिएट में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से मिलकर मुझे बहुत खुशी हुई। हमने भारत-श्रीलंका के बहुआयामी संबंधों को और गहरा करने पर सार्थक चर्चा की। ये संबंध हमारे साझा इतिहास, मजबूत सभ्यतागत और लोगों से लोगों के बीच के जुड़ाव पर आधारित हैं।

मछुआरों से जुड़े मुद्दों को सुलझाने पर चर्चा की
हमने विभिन्न पहलों पर भी व्यापक चर्चा की, जिनमें इंडियन हाउसिंग प्रोजेक्ट और श्रीलंका में साइक्लोन डिटवाह से प्रभावित क्षेत्रों के लिए 450 मिलियन अमेरिकी डॉलर के पैकेज के तहत लागू की जा रही परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं में भारतीय मूल के तमिल समुदाय के सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण और पुनर्वास के प्रयास भी शामिल हैं। हमने दोनों पक्षों के मछुआरा समुदायों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए मानवीय दृष्टिकोण से मछुआरों से जुड़े मुद्दों को सुलझाने पर भी चर्चा की।

श्रीलंका की प्रधानमंत्री डॉ. हरिणी अमरासुरिया से भी मिले राधाकृष्णन
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि श्रीलंका की प्रधानमंत्री डॉ. हरिणी अमरासुरिया से मिलकर मुझे बहुत खुशी हुई। उन्होंने कोलंबो में प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास टेंपल ट्रीज में एक दोपहर के भोजन की बैठक (लंच) का आयोजन किया। हमने दोनों देशों की साझा सभ्यतागत विरासत पर चर्चा की। द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के महत्व पर बात की। इसमें लोगों से लोगों के बीच के जुड़ाव को बढ़ाना भी शामिल है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



