क्राइम

Kerala News: शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाला व्यक्ति बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार

Kerala Crime: केरल में शादी के नाम पर तीन महिलाओं से धोखाधड़ी कर चुके व्यक्ति को पुलिस ने उसकी चौथी पत्नी की ओर से दर्ज कराई गई बलात्कार की शिकायत के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

दूसरी पत्नी से मिली चौथी की जानकारी
आरोपी की चौथी पत्नी को उसके बारे में जानकारी उसकी दूसरी पत्नी से मिली थी, जो उसकी फेसबुक मित्र थी। आरोपी तब पकड़ा गया, जब अलप्पुझा की एक महिला ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई। व्यक्ति फेसबुक पर उक्त महिला से मिला था और बाद में उससे शादी कर ली।

सोने के गहने और पैसे हड़पने के बाद महिला और उसके दो बच्चों को छोड़ दिया
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मूल रूप से कासरगोड जिले के वेल्लारीकुंडु निवासी और इसी जिले के प्रमदम के रहने वाले आरोपी दीपू फिलिप (36) को कोन्नी पुलिस ने गहन जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि उसने एक मार्च 2022 से इस साल सात फरवरी के बीच महिला का यौन उत्पीड़न किया था। दीपू की धोखाधड़ी की गतिविधियां एक दशक पहले तब शुरू हुईं, जब उसने कासरगोड के वेल्लारीकुंडु की एक महिला से शादी की, उसके सोने के गहने और पैसे हड़पने के बाद उसने उसे और उसके दो बच्चों को छोड़ दिया।

तीन महिलाओं को दिया धोखा
पुलिस के मुताबिक, बाद में वह कासरगोड की एक अन्य महिला के साथ तमिलनाडु भाग गया और गायब होने से पहले कुछ समय तक उसके साथ रहा। फिर वह एर्नाकुलम चला गया, जहां वह एक अन्य महिला के करीब आया और कुछ समय तक उसके साथ रहा। आखिरकार, वह फेसबुक के माध्यम से अलप्पुझा की महिला से मिला और बाद में आर्थनकल में उससे शादी कर ली। संबंध बनाने के बाद वह उस महिला के साथ रहता और उसका यौन शोषण करता। हालांकि, जैसे ही उसकी रुचि खत्म हो जाती, वह अपना अगला शिकार ढूंढने निकल पड़ता। इस तरह से उसने पहले भी तीन महिलाओं को धोखा दिया है।

बीमा के पैसे मिलने पर पत्नी को छोड़ने का किया प्रयास
उन्होंने कहा कि उसकी धोखाधड़ी का सच इसलिए सामने आया, क्योंकि जिस महिला से वह विवाहित है और जिसके साथ रह रहा था, उसे आरोपी पर शक हुआ था। दीपू की दूसरी पत्नी उसकी मौजूदा पत्नी की फेसबुक मित्र थी। उसने जो जानकारी दी, उससे ही धोखेबाज की धोखाधड़ी का पर्दाफाश हुआ। जब दीपू को एक पुराने वाहन दुर्घटना मामले से संबंधित 3.5 लाख रुपये का बीमा भुगतान मिला, तो उसे अपनी वर्तमान पत्नी में रुचि नहीं रही और जब उसने उसे छोड़ने का प्रयास किया, तो उसे शक हुआ और उसने कोन्नी पुलिस से संपर्क कर शिकायत की।

ऐसे हुई गिरफ्तारी
महिला ने शनिवार को शिकायत की, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और शुरुआती कार्रवाई के बाद आरोपी को पथनमथिट्टा इलाके से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को रविवार देर रात करीब दो बजे गिरफ्तार किया गया। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button