National Sports Award: मनु भाकर, डी गुकेश, हरमनप्रीत सिंह और प्रवीण कुमार को मिला खेलरत्न पुरस्कार

National Sports Award 2024: दो ओलंपिक पदक जीतने वाली निशानेबाज मनु भाकर और शतरंज विश्व चैंपियन डी गुकेश शुक्रवार को यहां राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से जब मेजर ध्यानचंद खेलरत्न सम्मान लेने पहुंचे तो तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया गया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता ऊंचीकूद के खिलाड़ी प्रवीण कुमार को भी देश का सर्वोच्च खेल सम्मान यहां राष्ट्रपति भवन में प्रदान किया गया।
इस बार 32 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार, इनमें से 17 पैरा एथलीट
हरमनप्रीत टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली हॉकी टीम के सदस्य थे। पेरिस ओलंपिक में वह टीम के कप्तान भी थे। दूसरी ओर, बाएं पैर में विकार के साथ पैदा हुए प्रवीण ने टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीता और पेरिस में उसे स्वर्ण में बदला। इस बार 32 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिए गए, जिनमें से 17 पैरा एथलीट हैं।
इन्हें मिला अर्जुन पुरस्कार
अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता पहलवान अमन सेहरावत, निशानबाज स्वप्निल कुसाले, सरबजोत सिंह और पुरुष हॉकी टीम के सदस्य जरमनप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, संजय और अभिषेक शामिल हैं। (भाषा)



