Weather Update: दिल्ली में हुई 41.2 मिमी बारिश, 101 साल बाद दिसंबर में एक दिन में हुई सबसे अधिक बारिश

दिल्ली (Delhi) में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 41.2 मिमी बारिश हुई, जो 101 साल में दिसंबर में एक दिन में हुई सबसे अधिक बारिश है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में तीन दिसंबर 1923 को एक ही दिन में सबसे अधिक बारिश हुई थी, जो 75.7 मिमी थी।
न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज
इस बीच, शनिवार को दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहे और मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताते हुए दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से छह डिग्री अधिक था। इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ और शनिवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 152 दर्ज किया गया।
जम्मू-कश्मीर में बर्फ जमा होने के कारण बनिहाल-बारामूला खंड पर ट्रेन सेवाएं स्थगित
पटरियों पर भारी बर्फ जमा हो जाने के कारण शनिवार को बनिहाल-बारामूला खंड पर ट्रेन सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। रेलवे अधिकारियों ने यह जानकारी दी। (भाषा)



