राजनीति

Jalebi: हरियाणा में रुझानों में भाजपा की जीत पर गौरव भाटिया बोले-जलेबी फैक्ट्री में नहीं, मेहनती हलवाई की दुकान में बनती है

हरियाणा (Haryana) में भाजपा की जीत पर भाजपा नेता गौरव भाटिया ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि भारतीय लोकतंत्र की जीत है। यह उस रॉकेट को करारा जवाब है जो लॉन्च नहीं होता है, लेकिन कहता है कि भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया है l जनता का अपमान करने वाले कांग्रेसियों को हरियाणा ने दिखा दिया है कि जलेबी फैक्ट्री में नहीं बनती है, मेहनती हलवाई की दुकान में बनती हैl तीसरी बार लगातार भाजपा जीत रही है और कांग्रेस पार्टी हिट विकेट हो रही है l

जलेबी पर नायब सिंह सैनी ने कही ये बात
हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राहुल बाबा को तवज्जो तो किसी ने दी नहीं वो तो इस बात से हैरान है, इतनी बड़ी जलेबी भी हरियाणा में बनती है।

नायब सिंह सैनी के वार पर दीपेंद्र का पलटवार
नायब सिंह सैनी के ट्वीट के जवाब में दीपेंद्र हुड्डा ने एक्स पर लिखा कि नायब जी, आप चिंता न करें राहुल गांधी के नेतृत्व में हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बना कर उसी गोहाना के जलेब का डिब्बा आपके पास भी हम याद से आठ की शाम को हम जरूर भेजेंगे।

गोहाना में दीपेंद्र हुड्डा ने राहुल को खिलाई थी मातू राम की जलेबी

दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा में सोनीपत के गोहाना में राहुल गांधी को मातू राम की जलेबी खिलाई थी।

हरियाणा विधानसभा चुनाव में जलेबी का भी हुआ जिक्र
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भले ही एक दूसरे पर राजनीतिक वार किए, लेकिन चुनाव प्रचार के दौरान दोनों ही नेता गोहाना की जंबो साइज जलेबी का जिक्र करना नहीं भूले। राहुल गांधी ने तो इस जलेबी का स्वाद तक चखा। चुनाव प्रचार अभियान में जुटे तमाम नेता समय निकालकर गोहाना की जलेबी का स्वाद लेना नहीं भूलते और वापस घर जाते हुए इसे पैक कराकर अपने रिश्तेदारों व परिजनों के लिए लेकर जाते हैं।पीएम मोदी और राहुल गांधी दोनों ने ही अपने हरियाणा दौरे के दौरान भाषणों में जलेबी के पुराने निर्माता मातूराम का जिक्र किया। मातू राम के परिजनों को पिछले दिनों फिरौती के लिए कॉल आई थी। चुनाव के दौरान पार्टियां भले ही एक-दूसरे के खिलाफ तीखे अभियान चलाती हों, लेकिन उनके नेताओं के भाषणों में मीठी ‘जलेबी’ का जिक्र राजनीतिक तापमान को कम करने में मदद करता है।

जानें, कौन हैं मातू राम, जिनकी जलेबी की हुई चर्चा
हरियाणा के सोनीपत जिले में स्थित गोहाना जाट बाहुल्य विधानसभा क्षेत्र है, जहां की जलेबी का जिक्र इस बार के चुनाव प्रचार अभियान के दौरान खूब हुआ है। मातूराम के पोते रमन गुप्ता के अनुसार जंबो साइज की यह जलेबी 1958 में उनके दिवंगत दादा मातूराम ने गोहाना में बनानी शुरू की थी। अब रमन और उनका भाई नीरज यह दुकान चलाते हैं। जंबो साइज की यह जलेबी शुद्ध देसी घी से बनती है। कुरकुरी और मुलायम दोनों स्वाद इस जलेबी में हैं।

प्रत्येक जलेबी का वजन 250 ग्राम
प्रत्येक जलेबी का वजन 250 ग्राम होता है। एक किलो वजन वाले चार पीस के डिब्बे की कीमत 320 रुपये है। मिठाई की शेल्फ लाइफ एक सप्ताह है। मंगलवार को गोहाना में एक चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रसिद्ध जलेबी निर्माता मातूराम ‘हलवाई’ का डिब्बा दिखाया और इस बात पर जोर दिया कि उनकी जलेबी पूरे देश में बिकनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जलेबियों का निर्यात भी किया जाना चाहिए, जिससे अधिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

देवीलाल भी रह चुक हैं जलेबी के दीवाने
देवीलाल भी गोहाना के मातू राम की जलेबी के दीवाने रहे हैं। इससे पहले गोहाना में लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधने के लिए “मातूराम की जलेबी” का जिक्र किया था। विपक्षी दलों पर हमला करते हुए मोदी ने तब कहा था कि अगर वे सत्ता में आते हैं तो उनके पास पांच साल में पांच प्रधानमंत्री बनाने का फॉर्मूला है। उनसे पूछिए कि क्या प्रधानमंत्री का पद हमारी मातूराम की जलेबी है। जलेबी की दुकान के मालिक रमन गुप्ता के अनुसार, पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल भी मातूराम की जलेबियों के शौकीन थे। हरियाणा में चल रहे चुनावों में मुख्यमंत्री नायब सैनी और कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा कुछ देर के लिए दुकान पर रुके थे। इस तरह पिछले काफी समय से मातू राम की जलेबी चर्चा का विषय बनी हुई हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button