नारी शक्ति

Haryana Election Result: जानें, कौन हैं विनेश फोगाट, जिन्होंने हरियाणा के चुनावी मैदान में दी सबको पटखनी

कांग्रेस उम्मीदवार और पहलवान विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) ने मंगलवार को हरियाणा की जुलाना विधानसभा सीट से अपनी पहली चुनावी जीत को ‘संघर्ष की जीत’ और ‘सत्य की जीत’ बताया। कांग्रेस उम्मीदवार फोगाट ने हरियाणा में जुलाना विधानसभा सीट से अपना पहला चुनाव जीत लिया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के योगेश कुमार को 6,015 मतों के अंतर से हराया।

ओलंपिक में पदक से चूकने के बाद राजनीति का दामन थामा
ओलंपिक में पदक से चूकने के बाद भारत लौटने पर विनेश ने खेल से संन्यास लेने का एलान कर राजनीति का दामन थाम लिया। विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही विनेश कांग्रेस में शामिल हुईं और पार्टी ने जुलाना से उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया। जुलाना विनेश फोगाट का ससुराल है।

विनेश को 65080 मत मिले
हरियाणा में पांच अक्टूबर को हुए विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना मंगलवार को सुबह आठ बजे शुरू हुई। कभी अपने प्रतिद्वन्द्वी से आगे और कभी पीछे हुईं विनेश को कुल 65,080 मत हासिल हुए, वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के योगेश को 59,065 मत मिले।

आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी कविता दलाल की जमानत जब्त
आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी कविता दलाल केवल 1,280 मत ही हासिल कर सकीं और उनकी जमानत जब्त हो गई। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र लाठर ने 10,152 मत हासिल किए और जननायक जनता पार्टी (जजपा) से विधायक रहे अमरजीत ढांडा केवल 2,477 मत हासिल कर सके।

जानें, कौन हैं विनेश फोगाट
विनेश फोगाट का जन्म 25 अगस्त 1994 को हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गांव बलाली में हुआ था। विनेश फोगाट के पिता का नाम राजपाल सिंह फोगाट है और वो भी रेसलर थे। विनेश ने पिता को नौ साल की उम्र में खो दिया था। विनेश की मां का नाम प्रेम लता फोगाट है।

ताऊ ने बनाया पहलवान
विनेश फोगाट के भाई का नाम हरविंदर फोगाट है। विनेश की बहन का नाम प्रियंका फोगाट है, जो पहलवान हैं और एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप 2016 में सिल्वर मेडल जीता था। बबीता फोगाट, रितु फोगाट, रितु फोगाट और संगीता फोगाट चचेरी बहनें हैं। पिता को बचपन में खोने वाली विनेश फोगाट और उनकी बहन को उनके ताऊ महावीर फोगाट ने अपनी बेटियों की तरह पाला और कुश्‍ती सिखाकर पहलवान बनाया।

रेसलर सोमवीर राठी से की शादी
विनेश फोगाट ने 13 दिसंबर, 2018 को सोमवीर राठी ने शादी की थी। हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले सोमवीर भी नेशनल लेवल के रेसलर रहे हैं और नेशनल चैंपियनशिप में मेडल जीत चुके हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button