Karur Stampede: तेजस्वी सूर्या बोले, करूर में विजय की रैली के लिए क्यों नहीं मुहैया कराया गया बड़ा स्थल

Tamilnadu Politics: तमिलनाडु पर करूर भगदड़ पर राजनीति गरमाने लगी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद तेजस्वी सूर्या ने सवाल किया है कि स्थानीय अधिकारियों ने अभिनेता विजय की रैली के लिए एक बड़े स्थल की अनुमति क्यों नहीं दी। सूर्या भगदड़ के कारणों का आकलन करने के लिए करूर गए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं। सूर्या ने दावा किया कि विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने 10000 लोगों के लिए जगह की मांग की थी, लेकिन स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें केवल 5,000 लोगों की क्षमता वाले स्थल पर जाने के लिए मजबूर किया।
तमिलनाडु सरकार ने करूर में विजय की रैली के दौरान नियमों की अनदेखी संबंधी जारी किए वीडियो
तमिलनाडु सरकार ने अभिनय से राजनीति में आए विजय की करूर रैली में नियमों का उल्लंघन दर्शाने वाले वीडियो मंगलवार को जारी किए। राज्य सरकार ने दावा किया कि रैली में अनुमानित भीड़ से दोगुनी संख्या में लोग एकत्र हुए जिससे काफी कठिनाइयां हुईं। राज्य सरकार ने (तमिलगा वेत्री कषगम प्रमुख विजय की रैली में भगदड़ पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया और मीडिया पर किए जा रहे कई दावों के मद्देनजर) वीडियो रिकॉर्डिंग दिखाकर भगदड़ और संबंधित घटनाओं पर कुछ बुनियादी तथ्यों की जानकारी दी और ऐसे पहलुओं पर अपने रुख से अवगत कराया।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने करूर भगदड़ पीड़ितों के परिवारों से की मुलाकात
कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मंगलवार को अभिनेता से नेता बने विजय के नेतृत्व वाली टीवीके की एक चुनावी रैली के दौरान मची भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजन से मुलाकात की और इस घटना को कल्पना से परे बताया। वेणुगोपाल के साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडनकर, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता, तमिलनाडु के अधिवक्ता राजेश कुमार, तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई और करूर से सांसद जोथिमणि भी मौजूद थे। गौरतलब है कि करूर भगदड़ पर राजनीति के बजाय सभी सियासी दलों को इस घटना से सबक लेना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



