Delhi Fire: दिल्ली के विवेक विहार में आवासीय इमारत में आग लगने से नौ लोगों की मौत, सीएम रेखा गुप्ता ने जताया दुख

Delhi News: भीषण गर्मी में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विवेक विहार में रविवार तड़के एक आवासीय इमारत में आग लगने से एक बच्चे समेत दो परिवारों के नौ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि विवेक विहार फेज-1 में चार मंजिला इमारत में आग लगने की सूचना तड़के करीब तीन बजकर 48 मिनट पर मिली। इसके बाद पुलिस, दमकल व आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचे। इस बीच, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना पर दुख जताया है।
नौ शव बरामद
पुलिस ने बताया कि आग ने इमारत के कई फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया जिसके बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने बताया कि अलग-अलग मंजिलों से नौ शव बरामद किए गए। डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा कि एक शव पहली मंजिल से, पांच शव दूसरी मंजिल से और तीन शव सीढ़ियों से बरामद किए गए। सीढ़ियों वाले हिस्से में ताला लगा मिला।
इनकी गई जान
दूसरी मंजिल पर मृत पाए गए लोगों की पहचान अरविंद जैन (60), उनकी पत्नी अनिता जैन (58), बेटे निशांत जैन (35), बहू आंचल जैन (33) और पोते आकाश जैन के रूप में हुई है। तीसरी मंजिल पर एक परिवार के तीन सदस्य मृत पाए गए। उनकी पहचान नितिन जैन (50), उनकी पत्नी शैली जैन (48) और बेटे सम्यक जैन (25) के रूप में हुई है। पहली मंजिल पर शिखा जैन (45) नाम की महिला मृत पाई गईं, जबकि उनके पति नवीन जैन (48) घायल हुए हैं।
15 लोगों को बचाया गया
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आग बुझाने के अभियान के दौरान परिसर से करीब 10 से 15 लोगों को बचाया गया। इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया। आग बुझाने के लिए दमकल की कुल 12 गाड़ियां भेजी गईं तथा दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस के दलों ने बचाव और निकासी प्रयासों में सहायता की। पुलिस ने बताया कि कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया और आग लगने के कारणों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
प्रभावितों को हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रहीः रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि विवेक विहार की एक इमारत में लगी आग की घटना अत्यंत दुखद है। इस हादसे में नौ लोगों की मृत्यु से मन व्यथित है। हादसे में घायल हुए लोगों का नजदीकी अस्पताल में उपचार चल रहा है, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएँ पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें यह कठिन समय सहने की शक्ति प्रदान करें। स्थानीय प्रशासन, डीडीएमए, दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस के सभी आला अधिकारी राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटे हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावितों को हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है। हमारे स्थानीय विधायक और निगम पार्षद भी राहत कार्य में अपना सहयोग कर रहे हैं। दिल्ली सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ी है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



