PM बोले, बिना राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले युवाओं के राजनीति में आने से मजबूत होगा लोकतंत्र, लखपति दीदियों से की बात

भारत (Bharat) के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा है कि 21वीं सदी में भारत में बहुत कुछ ऐसा हो रहा है, जो ‘विकसित भारत’ की नींव को मजबूत कर रहा है। उन्होंने अपने मासिक ‘मन की बात’ रेडियो कार्यक्रम में कहा कि उनकी ओर से स्वतंत्रता दिवस पर बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले एक लाख युवाओं के राजनीति में शामिल होने के आह्वान पर व्यापक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत तथा मजबूत लोकतंत्र के लिए सार्वजनिक जीवन में आने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के जलगांव में लखपति दीदियों से की बातचीत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को महाराष्ट्र के जलगांव में ‘लखपति दीदियों’ से बातचीत की। मोदी ने कहा कि माताओं-बहनों का जीवन आसान बनाने के लिए हमारी सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महाराष्ट्र के जलगांव में लखपति दीदियों का ये उत्साह और विश्वास अद्भुत है। देशभर की लखपति दीदियों को मेरा प्रणाम। गौरतलब है कि ‘लखपति दीदी’ स्वयं सहायता समूहों की उन महिलाओं को कहा जाता है, जो सालाना एक लाख रुपये कमा रही हैं।
गांव के पूरे अर्थतंत्र को बदल रही हैं लखपति दीदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि लखपति दीदी बनाने का ये अभियान, सिर्फ बहनों-बेटियों की कमाई बढ़ाने का ही अभियान नहीं है। ये पूरे परिवार को, आने वाली पीढ़ियों को सशक्त कर रही है। ये गांव के पूरे अर्थतंत्र को बदल रही हैं। नरेंद्र मोदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान जब मैं आपके पास आया था, तो मैंने वादा किया था कि हमें तीन करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाना है। इसका मतलब है कि जो महिलाएं स्वयं सहायता समूहों में काम करती हैं और उनकी सालाना आय एक लाख रुपये से अधिक है। पिछले 10 साल में एक करोड़ लखपति दीदी बनीं और सिर्फ दो महीने में 11 लाख और लखपति दीदी एक करोड़ बन गईं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



