राजनीति

Rahul Gandhi Punjab Visit: राहुल गांधी का पंजाब दौरा, अमृतसर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा

Punjab News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को पंजाब में अमृतसर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों से बातचीत की। इस दौरान राहुल गांधी के साथ पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे।

बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलकर नुकसान का जायजा लिया
अमृतसर पहुंचने के बाद राहुल गांधी अमृतसर के अजनाला स्थित घोनेवाल गांव गए और बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलकर नुकसान का जायजा लिया। घोनेवाल गांव, अजनाला के उन कई इलाकों में से एक है जो बाढ़ के पानी से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। राहुल बाढ़ प्रभावित कुछ लोगों के बीच बैठे और उनसे बातचीत की। घोनेवाल गांव का दौरा करने के बाद राहुल गांधी अमृतसर के रामदास क्षेत्र में ऐतिहासिक गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा साहिब में मत्था टेकने जाएंगे। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष का गुरदासपुर जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने का भी कार्यक्रम है।

बाढ़ के कारण पंजाब में 56 लोगों की जान चली गई, 1.98 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में लगी फसलें बर्बाद हो गई
पंजाब दशकों में सर्वाधिक भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है। यह बाढ़ सतलुज, व्यास और रावी नदियों के उफान पर होने के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण मौसमी नालों के उफान का परिणाम थी। राज्य में भारी बारिश ने भी बाढ़ की स्थिति को गंभीर बना दिया। बाढ़ के कारण 56 लोगों की जान चली गई तथा 1.98 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में लगी फसलें बर्बाद हो गई है।

पीएम मोदी और कई मंत्री भी कर चुके हैं पंजाब का दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौ सितंबर को अपने दौरे के दौरान बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद पंजाब में बाढ़ की स्थिति और नुकसान की समीक्षा की थी। प्रधानमंत्री ने बाढ़ प्रभावित राज्य के लिए 1,600 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की थी जो राज्य को दिए गए 12,000 करोड़ रुपऐ के अतिरिक्त है। इससे पहले शिवराज सिंह चौहान, एल मुरुगन और बीएल वर्मा सहित केंद्रीय मंत्रियों ने स्थिति का जायजा लेने के लिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया था। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button