Mahakumbh 2025: अखिलेश यादव ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी, केशव प्रसाद मौर्य बोले-देर आए दुरुस्त आए

Mahakumbh: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को प्रयागराज में संगम में आस्था की डुबकी लगाई। इस पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तंज करते हुए कहा कि देर आए दुरुस्त आए।
केशव प्रसाद मौर्य ने कसा तंज
केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि अखिलेश यादव जी, देर आए दुरुस्त आए। हरिद्वार में गंगा स्नान और महाकुंभ स्नान के बाद उम्मीद है कि अब आस्था को चोट पहुँचाने वाले बयानों से बचेंगे। महाकुंभ की विशेषता अनेकता में एकता है। जो सपाई और कांग्रेसी अब भी महाकुंभ को लेकर मानसिक और दृष्टि दोष से ग्रसित हैं, वे इलाज कराएं या न कराएं, पर महाकुंभ स्नान जरूर करें।
अखिलेश यादव रविवार दोपहर में महाकुंभ नगर पहुंचे और संगम में स्नान किया। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि महाकुंभ के पावन अवसर पर संगम में एक डुबकी मां त्रिवेणी को प्रणाम की, एक डुबकी आत्म-ध्यान की, एक डुबकी सर्व कल्याण की, एक डुबकी सबके उत्थान की, एक डुबकी सबके मान की, एक डुबकी सबके सम्मान की, एक डुबकी सर्व समाधान की, एक डुबकी दर्द से निदान की, एक डुबकी प्रेम के आह्वान की, एक डुबकी देश के निर्माण की, एक डुबकी एकता के पैगाम की। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



