Jammu Kashmir Election Result: जानें, कौन हैं मेहराज मलिक, जिन्होंने डोडा में आम आदमी पार्टी को दिलाई जीत, अरविंद केजरीवाल ने दी बधाई

आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने मंगलवार को जम्मू कश्मीर की डोडा विधानसभा सीट पर जीत दर्ज करने और पांचवें राज्य में पार्टी का खाता खुलने पर पार्टी को बधाई दी। डोडा विधानसभा क्षेत्र में जिला विकास परिषद (डीडीसी) सदस्य एवं आप उम्मीदवार मेहराज मलिक को 23,228 वोट मिले, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गजय सिंह राणा को 18,690 वोट मिले।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘डोडा से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मेहराज मलिक द्वारा भाजपा को हराकर शानदार जीत हासिल करने के लिए बहुत बहुत बधाई। आप बहुत अच्छा चुनाव लड़े। पांचवें राज्य में विधायक बनने पर पूरी आम आदमी पार्टी को बधाई।’’ पंजाब और दिल्ली में सत्तारूढ़ आप के गुजरात और गोवा में भी विधायक हैं।
आम आदमी पार्टी के नेता मेहराज मलिक को अपने इलाके में उन्हें शुरू से समर्थन मिल रहा था। पार्टी ने उनके जनाधार को देखते हुए टिकट थमाया और पार्टी की उम्मीदों पर खड़ा उतरे। इससे पहले उन्होंने जम्मू-कश्मीर के जिला विकास परिषद के चुनाव में जीत हासिल की थी। उस समय भी उन्होंने आम आदमी पार्टी के बैनर तले ही चुनाव में जीत प्राप्त की थी। 36 साल के मेहराज ने पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। (भाषा)



