Magh Mela 2026: पौष पूर्णिमा स्नान के साथ प्रयागराज का माघ मेला शुरू, सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं

Magh Mela Prayagraj: पौष पूर्णिमा स्नान के साथ शनिवार से संगम की रेती पर माघ मेला प्रारंभ हो गया। बच्चे, बूढ़े, महिलाएं और युवा सुबह से ही गंगा और संगम की ओर जाते दिखाई दिए। इस स्नान पर्व के साथ एक माह का कल्पवास भी आज से शुरू हो गया।
कल्पवास प्रारंभ
त्रिवेणी संगम आरती सेवा समिति के अध्यक्ष आचार्य राजेंद्र मिश्र ने बताया कि माघ मेले में करीब पांच लाख कल्पवासियों का आज से कल्पवास प्रारंभ हो जाएगा, जिसके तहत वे दिन में दो बार गंगा स्नान और एक पहर भोजन लेते हैं और बाकी समय अपने आराध्य देवता का ध्यान, पूजन आदि करते हैं।
योगी ने श्रद्धालुओं व प्रदेश वासियों को दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि श्रीगङ्गादेव्यै नमः माघ मेला के शुभारंभ एवं पावन पौष पूर्णिमा की सभी श्रद्धालुओं व प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाने हेतु तीर्थराज प्रयाग पधारे सभी पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, सभी अखाड़ों एवं कल्पवासियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन। मां गंगा, मां यमुना एवं मां सरस्वती सभी के मनोरथ पूर्ण करें, यही प्रार्थना है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



