Excise Case: अरविंद केजरीवाल के बाद मनीष सिसोदिया ने भी दिल्ली हाई कोर्ट की न्यायाधीश के समक्ष पेश होने से किया इनकार, बापू को किया नमन

Delhi News: आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया ने दिल्ली उच्च न्यायालय की न्यायाधीश स्वर्ण कांता शर्मा को मंगलवार को पत्र लिखकर कहा कि वह भी आबकारी मामले में उनकी अदालत में पेश नहीं होंगे।
राजघाट पर बापू को किया नमन
मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि आज राजघाट जाकर पूज्य बापू की समाधि पर
अरविंद केजरीवाल के साथ नतमस्तक हुआ। महात्मा गांधी ने हमें हमेशा सत्य के रास्ते पर अडिग रहने और सत्य के लिए आत्मबल के साथ सत्याग्रह करने की प्रेरणा दी है। आज उसी मार्ग पर चलने का संकल्प और मजबूत हुआ।
केजरीवाल ने कही थी ये बात
इससे एक दिन पहले पार्टी प्रमुख एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने न्यायमूर्ति शर्मा को पत्र लिखकर कहा था कि आबकारी मामले में वह न तो व्यक्तिगत रूप से और न ही वकील के माध्यम से उनके समक्ष पेश होंगे।
जानें, क्या कहा मनीष सिसोदिया ने
मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि पूरे सम्मान और आदर के साथ मैंने दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा को पत्र लिखकर निवेदन किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में मेरी अंतरात्मा मुझे इस मामले की कार्यवाही में उनके समक्ष आगे भाग लेने की अनुमति नहीं देती। मेरे लिए यह किसी व्यक्ति विशेष का प्रश्न नहीं है, बल्कि उस भरोसे का प्रश्न है, जिस पर न्याय व्यवस्था खड़ी होती है कि हर नागरिक को न्याय न केवल निष्पक्ष हो, बल्कि निष्पक्ष दिखाई भी दे। मैं यह भी स्पष्ट करना चाहता हूं कि न्यायपालिका और संविधान पर मेरा विश्वास पूरी तरह अटूट है। लेकिन जब मन में गंभीर संदेह रह जाए, तो केवल औपचारिक भागीदारी मेरे लिए सही नहीं है। इसलिए मेरे पास सत्याग्रह के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



